आगरालीक्स ..आगरा के ताजमहल, आगरा किला सहित अन्य स्मारकों को बंद हुए आज तीन महीने हो गए, हर महीने करोंडों के राजस्व का नुकसान, होटल इंडस्ट्री भी ठप है। 17 मार्च को ताजमहल सहित अन्य स्मारकों को बंद कर दिया गया था।
आगरा में 17 मार्च से ताजमहल, आगरा किला, फतेहपुर सीकरी के साथ ही ऐतिहासिक स्मारक बंद हैं। इससे होटल इंडस्ट्री भी प्रभावित हो रही है। दुनिया में कोरोना संक्रमण से पहले 2019 में मार्च से जून तक हर महीने करीब 4 .50 लाख से 5 लाख पर्यटक ताजमहल का दीदार करने के लिए आ रहे थे। इसमें विदेशी पर्यटकों की संख्या हर महीने 80 हजार से एक लाख थी। मगर, 17 मार्च से ताजमहल सहित अन्य स्मारक बंद हैं।
करोडों के राजस्व का नुकसान
ताजमहल सहित अन्य स्मारकों की प्रवेश टिकट एएसआई और एडीए द्वारा वसूली जाती है, इसमें एएसआई का बडा हिस्सा होता है और एडीए हर टिकट पर 200 रुपये लेता है। ताजमहल पर विदेशी टूरिस्ट की टिकट 1300 रुपये है, इसमें से 200 रुपये एडीए के हैं। मुख्य मकबरे को देखने के लिए अलग से टिकट लेनी है। सार्क देशों के लिए टिकट 740 रुपये है, भारतीय पर्यटकों के लिए 250 रुपये टिकट है। इस लिहाज से ताजमहल सहित अन्य स्मारकों के बंद होने से हर महीने करोडों रुपये के राजस्व का नुकसान हो रहा है।
होटल इंडस्ट्री पर संकट
ताजमहल सहित अन्य स्मारकों का दीदार करने के लिए विदेशी के साथ ही भारतीय पर्यटक आते हैं, वे यहां होटल में ठहरते हैं, शॉपिंग करते हैं, रेस्टोरेंट में खाना खाते हैं। तीन महीने से सब बंद है, इससे पयर्टन इंडस्ट्री से जुडे लोगों को बहुत नुकसान हुआ है।