आगरालीक्स….दुनिया भर में आगरा के ताजमहल से पर्यावरण सुधार के लिए संदेश दिया जाएगा। यहां केंद्रीय राज्य मंत्री डॉ महेश शर्मा ने कहा कि ताजमहल की कलर स्पेक्ट्रोग्राफी कराई जाएगी। इससे ताजमहल के संगमरमरी हुस्न के वास्तविक रंग का पता चल सकेगा, इस रिपोर्ट को सुप्रीम कोर्ट में पेश किया जाएगा, जिससे कोर्ट द्वारा ताजमहल का रंग बदलने पर चिंता जाहिर की है, उसे स्पष्ट किया जा सके। साथ ही ताजमहल के पीले, हरे, काले पड़ने की चर्चाओं पर विराम लग सके।
रविवार को होटल रेडिसन ब्लू में केन्द्रीय संस्कृति, पर्यावरण व जलवायु परिवर्तन राज्य मंत्री डॉ. महेश शर्मा की अध्यक्षता में स्टेक होल्डर्स की बैठक शुरू हुई। केंद्रीय मंत्री डॉ महेश शर्मा ने सुप्रीम कोर्ट द्वारा ताजमहल का रंग बदलने पर चिंता जताने पर कहा कि ताजमहल का वास्तवित रंग क्या है, इसे पता करने के लिए कलर स्पेट्रोग्राफी कराई जाएगी।
टीटीजेड से मर रहे हैं ताजमहल और उद्योग
एससी आयोग के अध्यक्ष डॉ रामशंकर कठेरिया ने कहा कि टीटीजेड में लगाई रोक को हटाया जाएगा, टीटीजेड के आधार पर सुप्रीम कोर्ट आदेश जारी करता है और अधिकारी उन आदेशों के सामने हाथ खडे कर देते हैं। इससे ताजमहल के साथ ही उद्योग भी मर रहे हैं।
सांसद बाबूलाल ने कहा अधिकारी कर रहे वसूली
फतेहपुर सीकरी से सांसद चौधरी बाबूलाल ने कहा कि कोल्ड स्टोरेज से कोई प्रदूषण नहीं, इसके बाद भी प्रदूषण कंट्रोल विभाग के अधिकारी एनओसी देने के नाम पर अवैध वसूली कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि अधिकारी सुप्रीम कोर्ट में हलफनामा देते हैं कि 24 घण्टे बिजली दी जाएगी, क्या बिजली की सप्लाई हो रही है। उन्होंने कहा कि जनरेटर पर पाबंदी है लेकिन डीएम आवास पर जनरेटर लगा है। कहा कि पुलिस और एएसआई के अधिकारी फतेहपुर सीकरी में स्मारक के 100 मीटर दायरे में अवैध निर्माण करा रहे हैं। उन्होंने कहा कि पथकर का पैसा अधिकारियों के ऐश ओ आराम पर खर्चा हो रहा है, इससे विकास होना चाहिए।