आगरालीक्स…स्कूल में एलकेजी की छात्रा ने कपड़े किए गंदे तो टीचर ने पूरी क्लास के सामने बेरहमी से पीटा, बाल भी खींचे. आगरा मंडल का मामला. मुकदमा दर्ज
आगरा मंडल के फिरोजाबाद जिले में एलकेजी की छात्रा के साथ बेरहमी से टीचर द्वारा मारपीट का आरोप लगाते हुए मुकदमा दर्ज किया गया है. परिजनों का आरोप है कि छात्रा को शौच लगी लेकिन टीचर ने शौचालय जाने से मना कर दिया. इस पर छात्रा ने कपड़ों को ही गंदा कर लिया जिसके बाद टीचर ने सभी के सामने छात्रा को बेरहमी से पीटा और उसके बाल खींचे. छात्रा ने इसकी जानकारी परिजनों को दी जिसके बाद आरोपी टीचर के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है.
ये है मामला
मामला फिरोजाबाद के शिकोहाबाद का है. मोहलला बोझिया में एक निजी स्कूल बीआर आंबेडकर प्राथमिक विद्यालय है. इसमें चार साल की छात्रा अनामिका पुत्री धर्मेंद्र एलकेजी क्लास में पढ़ती है. परिजनों का आरोप है कि बुधवार को अनामिका स्कूल गई थी. क्लास के बीच में उसे शौच लगी तो उसने शिक्षिका से इस बारे में कहा. आरोप है कि टीचर रानी ने अनामिका को शौचालय नहीं जाने दिया और डांट कर क्लास में बैठने को बोल दिया. इस पर थोड़ी देर बाद छात्रा ने अपने कपड़ों को गंदा कर लिया जिससे पास बैठे बच्चों को दुर्गंध आई. टीचर को इसकी जानकारी हुई तो आरोप है कि उसने अनामिका को सभी के सामने बुरी तरह से पीटा और उसके बाल खींचे.

परिजनों को जब इसकी जानकारी हुई तो आज वह छात्रा के सथ एक थैली में उसके सिर के उखड़े हुए बाल लेकर थाने पहुंचे और आरोपी टीचर के खिलाफ तहरीर दी. पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है.