आगरालीक्स…(28 October 2021 Agra News) दिवाली से पहले ही होने लगी शहर की एयर क्वालिटी अनहेल्दी. दिवाली से पहले एक्यूआई 300 तक पहुंचा तो पटाखा चलाने पर रहेगा बैन
अनहेल्दी हुई एयर क्वालिटी, सावधानी बरतने की सलाह
दीपावली का त्योहार नजदीक आते-आते आगरा शहर की एयर क्वालिटी बिगड़ती जा रही है। आज गुरुवार सुबह 8.30 बजे शहर का एयर क्वालिटी इंडेक्स (एक्यूआई) 212 था जो स्वास्थ्य की दृष्टि वैरी अनहेल्दी था। हालांकि एक घंटे बाद सुबह 9.30 बजे इसमें कमी आ गयी और यह घटकर 197 हो गया। एयर क्वालिटी इतनी अधिक खराब हो गयी है कि लोगों को मास्क लगाकर चलने की सलाह दी गयी है। साथ ही एयर प्यूरीफार चलाने तथा बाहर से प्रदूषित हवा को घर के अंदर आने से से रोकने के लिए खिड़की, दरवाजे बंद रखने की सलाह दी गयी है। सेंसटिव लोगों को घर से बाहर न निकलने के लिए आगाह किया गया है। सेंसटिव लोगों में श्वांस व अस्थमा के रोगियों को शामिल किया गया है।
रात में ज्यादा खराब हो रही हवा की गुणवत्ता
आगरा शहर में रात को हवा की गुणवत्ता ज्यादा खराब हो रही है। बुधवार रात को सूचकांक 200 से ऊपर पहुंच गया। गुरुवार तड़के 3.30 बजे एक्यूआई 250 के आसपास था। हवा इतनी प्रदूषित हो गयी है कि श्वांस लेने लायक नहीं रही है। हवा की गुणवत्ता लगातार गिरने और दीपावली का त्योहार नजदीक आने से परेशानी और बढ़ सकती है।
खुदाई से उड़ रही धूल भी खराब कर रही हवा
शहर में लगातार खुदाई होने और हवा में धूल के कण मिलने से हवा की गुणवत्ता खराब हो रही है। हवा का प्रदूषण स्तर बढ़ने पर जिन जगहों पर सड़क निर्माण या अन्य कार्य चल रहा है वहां धूल उड़ने से रोकने के लिए पानी का छिड़काव करने को कहा गया है। 200 से 300 एक्यूआई रहने पर डीजल के जेनरेटर चलाने पर पूरी तरह रोक लगाने, सिटी बसों का अधिक इस्तेमाल करने तथा धूल वाली सड़कों पर मशीन से सफाई करने की हिदायत दी गयी है।