आगरालीक्स…यूपीआई पेमेंट पर 15 अक्टूबर से लगने वाला चार्ज टल सकता है. दिवाली जैसे त्योहार को देखते हुए सरकार कर रही विचार. दुकानदारों को मिलेगी राहत
यूपीआई लेनेदेन पर एमडीआर लागू करने की समयसीमा बढ़ सकती है. सरकार इसको टालने के विचार में है और इसे 15 अक्टूबर की जगह एक जनवरी से लागू करने के प्रस्ताव पर विचार कर रही है. हालांकि अभी अंतिम फैसला नहीं हुआ है लेकिन अगले कुछ दिनों में फैसला होने की उम्मीद है.
दिवाली जैसे त्योहार पर दुकानदारों को मिलेगा फायदा
रविवार से साल का सबसे बड़ा फेस्टिव सीजन शुरू होने जा रहा है. अगले महीने दिवाली जैसा त्योहार है. ऐसे में अगर 15 अक्टूबर से यूपीआई लेनदेन पर लगने वाले चार्ज को टाला जाता है तो इससे दुकानदारों को काफी राहत मिलेगी.
सरकार ने साल 2021 22 में आनलाइन पैमेंट को बढ़ावा देने के लिए ग्राहक से छोटे दुकानदार को यूपीआई से पैमेंट करने पर इंसेंटिव स्कीम लागू की थी. इसके चलते 2000 रुपये तक यूपीआई पैमेंट पर 0.15 प्रतिशत इंसेंटिव मिलता था, इससे यूपीआई से पैमेंट करने वाले और यूपीआई से पैमेंट लेने वाले दुकानदारों की संख्या तेजी से बढ़ी. सब्जी से लेकर पंचर की दुकान पर यूपीआई से दो से 10000 रुपये तक का पैमेंट होने लगा. इससे साल 2024 25 में दुकानदारों को 82776 करोड़ का इंसेंटिव दिया गया.
15 अक्टूबर से लगना है चार्ज, 55.5 करोड़ यूपीआई यूजर्स
देश में जून 2026 तक 55.5 करोड़ यूपीआई से पैमेंट करने वाले लोग हैं. सरकार ने बीते दिनों नोटिफिकेशन जारी किया था. इसके अनुसार, 15 अक्टूबर से यूपीआई से 2000 तक ही पैमेंट करने पर कोई चार्ज नहीं लगेगा, 2001 और उससे अधिक भुगतान करने पर 0.4 प्रतिशत चार्ज लगेगा, अधिकतम 300 रुपये चार्ज लिया जा सकेगा. वहीं, रूपे डेबिट कार्ड से भुगतान करने पर चार्ज नहीं लगेगा.