आगरालीक्स…(11 January 2022 Agra News) आगरा में कोरोना की तीसरी लहर का असर सबसे ज्यादा इस इंडस्ट्री पर…पांच लाख लोग जुड़े हैं इससे.
टूरिज्म इंडस्ट्री पर संकट के बादल
आगरा में इस समय कोरोना की तीसरी लहर चल रही है. लगातार रिकॉर्ड संख्या में केस मिल रहे हैं जिसके कारण सरकार द्वारा पाबंदियां लगाई जा रही हैं. पाबंदियों का असर धीरे धीरे कारोबार पर भी पड़ना शुरू हो गया है. लेकिन सबसे अधिक संकट आगरा की टूरिज्म इंडस्ट्री पर दिखाई दे रहा है. आगरा में विश्व का आश्चर्य ताजमहल है. इसके अलावा आगरा फोर्ट और फतेहपुर सीकरी जैसी इमारतें भी हैं जो कि दूर—दूर से पर्यटकों को अपनी ओर खींच ले आती हैं, लेकनि पिछले दो साल से कोरोना की मार ऐसी पड़ी है कि आगरा के पर्यटन से जुड़े कारोबारी इससे उबर ही नहीं पा रहे हैं. दूसरी लहर के बाद राहत मिली तो पर्यटक आना शुरू हुए. दिवाली से लेकर नये साल तक काफी अच्छी संख्या पर्यटक आगरा पहुंचे. लेकिन कोरोना की तीसरी लहर ने इस इंडस्ट्री को फिर से संकट की ओर धकेल दिया है.
दस दिन में पांच गुना तक घट गए पर्यटक
कोरोना संक्रमण फैलने के बाद ताजमहल और अन्य स्मारकों पर आने वाले सैलानियों के कदम थमने से पर्यटन कारोबार पर संकट खड़ा हो गया है. लगातार घट रही पर्यटकों की संख्या को देखते हुए साफ है कि लोगों को कोरोना का डर सताने लगा है. बता दें कि साल के अंत में ताजमहल पर तीस हजार पर्यटक आये थे। वहीं नये साल पर रिकार्ड भीड़ के चलते 32 हजार से अधिक पर्यटक आये थे,। लेकिन महज दस दिन बीतने के बाद बुरा हाल है. सोमवार को महज 6 लोगों ने ताज का दीदार किया.
पांच लाख लोग जुड़े हैं इस इंडस्ट्री से
शहर में टूरिज्म इंडस्ट्री से करीब पांच लाख से अधिक लोग जुड़े हुए हैं. इसमें होटल, रेस्टोरेंट, टूरिस्ट गाइड, टैक्सी, एम्पोरियम, पेठा जैसे कारोबार शामिल हैं. कोरोना की दूसरी लहर के बाद ताजमहल को खोलने बाद से दर्जनों होटल अभी पूरी तरह से शुरू भी नहीं हो सके थे. वहीं तीसरी लहर में पर्यटक कम होने से कारोबार पर असर पड़ेगा. दूसरी ओर सबसे अधिक फायदा होटल कारोबारियों को विदेशी पर्यटकों से होता है. कोरोना के चलते सभी हवाई यात्राओं पर रोक के चलते विदेश पर्यटक नहीं आ रहा है. ज्यादातर विदेशी पर्यटक से ही कारोबार को फायदा होता है. ऐसे में पर्यटकों की संख्या कम होने से असर दिखाई देने लगा है.