आगरालीक्स…पत्नी से झगड़ा होने पर 32 दिन से पेड़ पर रह रहा था युवक. घरवालों से लेकर पड़ोसी तक हुए परेशान. पुलिस को भी 75 घंटे लगे उसे उतारने में….पढ़ें यूपी का एक हैरान करने वाला मामला
यूपी के मऊ जिले से एक ऐसा हैरान करने वाला मामला सामने आया है जिसे पढ़कर आप भी अचंभित हो जाएंगे. मऊ जिले के एक गांव में रहने वाला युवक अपनी पत्नी से झगड़ा होने के बाद पिछले 32 दिनों से एक ताड़ के पेड़ पर रह रहा था. युवक की इस हरकत से घरवाले तो परेशान थे ही साथ ही पूरे गांव के लोग भी परेशान होने लगे. आखिरकार इसकी सूचना पुलिस को दी गई. पुलिस को भी उसे मनाने, समझाने और न मानने के बाद जबर्दस्ती उतारने में 75 घंटे लग गए. युवक के पेड़ से उतरने के बाद उसे हिरासत में लिया गया है और मेडिकल के लिए भेजा गया है.

बताया जाता है कि 32 दिन पहले किसी बात को लेकर युवक का अपनी पत्नी से झगड़ा हो गया था. इससे वह अपने परिवार को छोड़कर एक ताड़ के पेड़ पर रहने लगा. वह वहीं खाना, पीना और नहाना भी करने लगा. रोजाना युवक को मनाने और पेड़ से उतारने की कोशिश होती लेकिन कोई परिणाम नहीं निकलता. इधर युवक के पेड़ पर रहने से गांव वाले भी परेशान होने लगे. उनका परेशान होने का कारण ये था कि ताड़ का पेड़ इतना लंबा था जिस पर से सभी घर के आंगन दिखाई देते थे और युवक के पेड़ पर होने से महिलाओं को काफी दिक्कतें हो रही थी. इन सब बातों से परेशान होकर पत्नी ने इसकी सूचना पुलिस को दी. शुक्रवार को पुलिस यहां पहुंची और युवक से पेड़ से उतरने के लिए कहा लेकिन लाख प्रयास के बाद भी शनिवार तक वह नहीं उतरा. आज रविवार को पुलिस ने तीन घंटे घेराबंदी करते हुए नीचे बिछे जाल पर कूदाकर युवक को नीचे उतारा. उसके नीचे उतरते ही पुलिस ने उसे हिरासत में ले लिया और मेडिकल के लिए अस्पताल में भिजवा दिया.