आगरालीक्स…हरियाली तीज पर आगरा से बांके बिहारी जी के दर्शन को जा रहे हैं तो नई व्यवस्थाएं और दर्शन का नया टाइम भी देख लें. स्वर्ण-रजत हिंडोले में देखें दर्शन
हरियाली तीज पर आगरा से वृंदावन के ठाकुर जी के दर्शन करने जा रहे हैं तो नई व्यवस्थाएं और नया टाइम भी देख लें. इससे आपको परेशानी का सामना नहीं करना पड़ेगा, हरियाली तीज पर ठाकुर जी अपने भक्तों को स्वर्ण रजत हिंडोले में बैठ भक्तों को दर्शन देंगे. वृंदावन में इसी दिन से मंदिरों में हिंडोला उत्सव भी शुरू हो जाएगा जो कि 15 दिन तक चलेगा. इसलिए देश दुनिया के श्रद्धालु स्वर्ण रजत हिंडोला में विराजित ठाकुर बांके बिहारी जी के दर्शन को बड़ी संख्या में वृंदावन पहुंचेंगे.

हरियाली तीज पर इसको लेकर मंदिर प्रबंधन ने श्रद्धालुओं की सुविधा को कड़े प्रबंध किए हैं. मंदिर के प्रवेश मार्गों से वन वे एंट्री होगी और प्रवेश मार्ग पर ही क्लॉकरूम बनाए जाएंगे. यहां पर श्रद्धालु अपने जूते, सामान रखकर मंदिर की ओर जा सकेंगे. मंदिर में जिस गेट से श्रद्धालु एंट्री करेंगे तो दूसरे गेट से बाहर निकलेंगे. मंदिर प्रबंधन के अनुसान श्रद्धालु गेट संख्या तीन से मंदिर में प्रवेश करेंगे जबकि वीआईपी मार्ग, दाऊजी तिराहा से आने वाले श्रद्धालु गेट संख्या दो से एंट्री करेंगे. गेट संख्या तीन से आने वाले श्रद्धालु गेट संख्या चार से बाहर निकलेंगे जबकि गेट संख्या दो से आने वाले श्रद्धालु गेट संख्या एक से बाहर निकलेंगे. गेट संख्या पांच सेवायतों के लिए रखा गया है. मंदिर के अंदर भी रस्से से बैरीकेडिंग कर श्रद्धालुओं को आराध्य के दर्शन करने की व्यवस्था की गई है.
अधिक देर तक होंगे दर्शन
हरियाली तीज पर श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए सुबह तय समय पर पट खुलेंगे लेकिन दोपहर एक बजकर 55 मिनट पर राजभोग आरती के बाद दो बजे मंदिर के पट बंद होंगे. इसी तरह शाम को मंदिर के पट आधा घंटे पहले शाम 5 बजे खुल जाएंगे जो कि रात 11 बजे शयन आरती के बाद बंद होंगे. इस तरह सुबह ओर शाम दो-दो घंटे दर्शन समय में इजाफा किया गया है.