आगरालीक्स(05th September 2021 Agra News)… आगरा में ताजमहल का दीदार करने आ रहे पर्यटकों की थर्मल स्क्रीनिंग कराई जाएगी, इसमें संदिग्ध मिलने वाले पर्यटकों की कोरोना की जांच की जाएगी।
थर्मल स्क्रीनिंग की जाएगी
देश में कोरोना के मामलों में लगातार वृद्धि हो रही है। शनिवार को ही 40 हजार से अधिक मामले सामने आए थे। ऐसे में पूरे देश से पर्यटक ताजमहल देखने आ रहे हैं। ऐसे में लगातार बढ़ते मामलों के बाद अब आगरा प्रशासन ने ऐहतियात बरतने का निर्णय लिया है। सीएमओ डॉ. अरुण श्रीवास्तव ने बताया कि तय किया गया है कि जो भी पर्यटक आ रहे हैं, आगरा में ताजमहल का दीदार करने आ रहे पर्यटकों की थर्मल स्क्रीनिंग कराई जाएगी, इसमें संदिग्ध मिलने वाले पर्यटकों की कोरोना की जांच की जाएगी।

अभी कोई गाइडलाइन नहीं
ताजमहल पर तैनात एएसआई अधिकारी तनुज शर्मा ने बताया कि अभी ताजमहल को लेकर ऐसी कोई गाइडलाइन जारी नहीं हुई है। मुख्य चिकित्सा अधिकारी सोमवार को ताजमहल का दौरा करेंगे, इसके बाद ही कोई निर्णय लिया जाएगा।
आगरा किला और फतेहपुर सीकरी में भी सतर्कता
प्रशासन ने आगरा किला और फतेहपुर सीकरी में भी सतर्कता बरतने के निर्देश दिए हैं। स्वास्थ्य विभाग अफसरों ने यहां भी हरेक पर्यटक की थर्मल् स्क्रीनिंग कराने के निर्देश दिए हैं। बता दें कि इन दिनों पर्यटकों की संख्या में तेजी से वृद्धि हुई है। पिछले दिनों ताजमहल पर बड़ी संख्या में पर्यटक आए थे। इनका आंकड़ा 50 हजार करीब था।