Three arrested in Allahabad doctor beaten case, Doctors on strike
आगरालीक्स…. इलाहाबाद शहर में कचहरी के पास आनंद हॉस्पिटल के डॉक्टर रोहित गुप्ता पर हुए जानलेवा हमले के विरोध में डॉक्टर हड़ताल पर है। आगरा सहित पूरे प्रदेश में डॉक्टर काली पट्टी बांधकर विरोध प्रदर्शन कर रहे है. पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, लेकिन डॉक्टरों का गुस्सा जस का तस है। सोमवार को निजी अस्पताल और नर्सिंग होम के डॉक्टर सड़क पर उतर आए। मंडल के सबसे बड़े सरकारी अस्पताल, स्वरूपरानी नेहरू चिकित्सालय (एसआरएन) में जूनियर डॉक्टरों ने ओपीडी बंद करा दी। जूनियर डॉक्टर भी प्रदर्शन में शामिल हो गए हैं। डॉक्टरों की हड़ताल के चलते मरीजों को काफी परेशानी हो रही है।
पूरे हालात पर विचार के लिए इलाहाबाद मेडिकल एसोसिएशन की बैठक हो रही है। संकेत है कि आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद अब डॉक्टर हड़ताल खत्म करने का ऐलान कर सकते हैं। बता दें कि रविवार की भोर में नगर पंचायत सरायअकिल के पूर्व चेयर मैन वीरेन्द्र की इलाज के दौरान आनंद अस्पताल में मौत हो गई थी। मौत से आक्रोशित तीमारदारों ने डॉ. रोहित को पीट-पीटकर अधमरा कर दिया था। सीओ चतुर्थ वीरेन्द्र कुमार ने बताया कि मारपीट के आरोपी आलोक, अमरेश और अभिनीत को गिरफ्तार कर लिया गया है। चिकित्सकों से वार्ता कर जल्द ही माहौल सामान्य कराया जाएगा।