आगरालीक्स… आगरा में तूफान का इंतजार होता रहा लेकिन खतरा अभी भी बना हुआ है। मौसम विभाग ने नौ मई को 70 किलोमीटर प्रति घंटा की स्पीड से आंधी का अलर्ट जारी किया है। ऐसे में आगरा के स्कूलों को बंद रखने के संबंध में कोई आदेश जारी नहीं किया गया है। आठ मई को तूफान के अलर्ट के बाद स्कूल बंद कर दिए थे लेकिन नौ मई को स्कूल खुलेंगे।
सडकों पर सन्नाटा, दुकानें रहीं बंद
मंगलवार आठ मई को तूफान के अलर्ट के बाद आगरा में सडकों सन्नाटा पसरा रहा, बाजारों में तमाम दुकानें बंद रहीं। लोग जरूरी काम से ही घर से बाहर निकले, सरकारी और निजी कार्यालयों में काम करने वाले लोग भी शाम होते ही घर आ गए। कई बार दिन में बिजली गई तो लोगों को तूफान की आशंका हुई लेकिन तेज हवाएं भी नहीं चलीं।
ताजमहल पर कम हुए पर्यटक
आगरा में तूफान के अलर्ट के चलते मंगलवार को ताजमहल पर 15 हजार पर्यटक पहुंचे। सोमवार को 17 हजार से अधिक सैलानियों ने ताज का दीदार किया था। ताआगरा में तूफान के अलर्ट के बाद सैलानियों ने अपनी बुकिंग कैंसिल करा ली थीं। मंगलवार को ताज पर 14133 भारतीय, 917 विदेशी, 153 सार्क देशों के सैलानी ही पहुंचे। जबकि सोमवार को ताज पर 16024 भारतीय, 1034 विदेशी और 226 सार्क देशों के सैलानियों ने ताज का दीदार किया था। एएसआई के लोगों का कहना था कि आम दिनों में ताज पर 20 हजार से अधिक सैलानी प्रतिदिन आते हैं। परंतु तूफान के अलर्ट के चलते ताज सहित सभी स्मारकों पर सैलानियों की संख्या में कमी आई है।
दो बार के तूफान में 70 से अधिक मौत
आगरा में 11 अप्रैल को 130 किलोमीटर प्रति घंटा और 2 मई को 132 किलोमीटर प्रति घंटा की स्पीड से तूफान आया था, तूफान में आगरा में 70 से अधिक लोगों की मौत हो चुकी है, 200 लोग घायल हुए थे, तमाम लोगों के मकान ढह गए हैं, उनके रहने के लिए ठिकाना नहीं बचा है।
फाइल फोटो