आगरालीक्स …आगरा की जिला जेल से रेडियो का प्रसारण होगा, इस रेडियो का संचालन पूरी तरह से कारागार में निरुद्ध महिला व पुरुष बंदी ही करेंगे। प्रदेश की यह तीसरी और मंडल की दूसरी जेल होगी, जहां इस तरह का रेडियो प्रसारण शुरू होने जा रहा है। प्रसारण हर रोज शाम को तीन से चार बजे के बीच होगा। इसके लिए रेडियो टीम का गठन कर दिया गया है।
‘तिनका तिनका’ अभियान के तहत भारत में जेल सुधार कार्यक्रम चला रही वर्तिका नन्दा आगरा जिला जेल के लिए जेल रेडियो शुरू करने जा रही हैं। वे ही शुरुआती दौर में इन बंदियों को रेडियो कार्यक्रम के निर्माण और प्रस्तुतीकरण की ट्रेनिंग देंगी।
डॉ. वर्तिका नंदा के अनुसार जिला जेल के मुख्य द्वार से लगे एक कमरे में स्टूडियो बनाने की तैयारी चल रही है। वर्ष 1741 में मुगलों के जमाने में हज यात्रियों की आरामगाह के लिए इस भवन का निर्माण किया गया था। इसे बाद में जिला जेल बना दिया गया। यहीं स्टूडियो बनाया जाएगा।
जिला जेल के अधीक्षक शशिकान्त मिश्र का कहना है कि जेल का रेडियो एक अलग तरह का प्रयोग साबित होगा। तैयार हो रहे स्टूडियो में नई पेंटिंग बनाई जा रही है, ताकि यह व्यवसायिक स्टूडियो की तरह ही आकर्षक लगे। बंदी इस रेडियो के लिए अपनी स्क्रिप्ट के काम में जुट गए हैं।