आगरालीक्स…देश दुनिया में आज की मुख्य खबरें, 30 नक्सली सुरक्षाबलों ने किए ढेर, सीएम योगी ने रेलवे ट्रैक पर सिलेंडर, रॉड मिलने पर जताई चिंता. चिड़ियाघर में 12 से अधिक बाघों की मौत
सुरक्षाबलों ने 30 नक्सलियों को किया ढेर
जिले में शुक्रवार दोपहर से ही सुरक्षाबलों और नक्सलियों के बीच मुठभेड़ जारी है। अभी तक प्राप्त जानकारी के अनुसार सुरक्षाबलों में 30 नक्सलियों को ढेर कर दिया है। ऐसे में इतनी भारी मात्रा में नक्सलियों के ढेर होने की घटना के बाद नक्सलवाद के खिलाफ ये बड़ी कार्रवाई मानी जा रही है। फिलहाल अभी भी रुक-रुककर गोलीबारी जारी है। सुरक्षाबल अभी भी मौके पर तैनात हैं। ये कार्रवाई अबूझमाल क्षेत्र में की गई है। सुरक्षाबलों के दल में डीआरजी और एसटीएफ के जवान भी शामिल हैं।
हमले में मारा गया हिजबुल्लाह का कमांडर राशिद सकाफी
इजरायल सेना लेबनान में हिजबुल्लाह के खिलाफ जमीनी ऑपरेशन शुरू करने के दौरान अपने एक कमांडर समेत 8 सैनिकों की मौत से बौखला गई है। बीते 24 घंटे में इजरायल ने हिजबुल्लाह और हमास के कई कमांडरों को हवाई हमले में ढेर कर दिया है। ताजा हमले में आईडीएफ ने सटीक खुफिया सूचना के आधार पर बेरूत में 3 अक्टूबर को हिजबुल्लाह की संचार इकाई के कमांडर मोहम्मद राशिद सकाफ़ी को ढेर कर दिया है।
“रेलवे ट्रैक पर गैस सिलेंडर, रॉड रखना, पथराव करना चिंताजनक”
सीएम योगी आदित्यनाथ ने आज एडीजी स्तर के अधिकारियों संग विशेष बैठक की। इस दौरान हर इकाई के कार्यों की समीक्षा की गई। इस दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पुलिस कार्मिकों को ‘ई-पेंशन’ से जोड़ने के निर्देश दिए हैं।”रेलवे ट्रैक पर गैस सिलेंडर, रॉड रखना, पथराव करना पर चिंता जताई। मुख्यमंत्री ने कहा कि हर पुलिस कार्मिक को समय पर पदोन्नति मिले, उनकी चरित्र पंजिका पर सही विवरण अंकित हो, उनकी योग्यता और प्रतिभा के अनुरूप पदस्थापना मिले और सेवानिवृत्ति के समय देयकों का भुगतान समय से हो, यह प्रत्येक दशा में सुनिश्चित किया जाना चाहिए। शुक्रवार को अपर पुलिस महानिदेशक स्तर के सभी अधिकारियों के साथ विशेष बैठक में मुख्यमंत्री ने एक-एक कर सभी एडीजी से उनकी वर्तमान पदस्थापना अवधि में किये गए कार्यों, अपनाए गए नवाचारों और उपलब्धियों के बारे में जानकारी ली। विशेष बैठक में मुख्यमंत्री सीएम योगी आदित्यनाथ ने कुछ दिशानिर्देश भी दिए।
16 सालों से अपने ही सिर के बाल खा रही थी युवती
यूपी के बरेली जिले से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां डॉक्टरों ने एक ऐसी दुर्लभ बीमारी वाले मरीज का ऑपरेशन किया है। डॉक्टरों का कहना है कि ये बीमारी इतनी दुर्लभ है कि शायद बहुत कम लोग ही इसके बारे में जानते होंगे। ये एक ऐसी बीमारी है, जिसमें लोग अपने ही बाल खा जाते हैं। बरेली में जिला अस्पताल के डॉक्टरों ने ऐसी ही दुर्लभ बीमारी से ग्रसित युवती का ऑपरेशन किया है। बरेली में मानसिक बीमारी ट्राईकोलोटो मेनिया से पीड़ित युवती के ऑपरेशन का डॉक्टरों ने एक वीडियो भी बनाया, जो काफी वायरल हो रहा है।
चिड़ियाघर में 12 से अधिक बाघों की मौत
दक्षिणी वियतनाम में बर्ड फ्लू संक्रमण के चलते हाहाकार मच गया है। यहां के एक चिड़ियाघर में बर्ड फ्लू से संक्रमित होने के बाद 12 से अधिक बाघों की मौत से हड़कंप मच गया है। संक्रमण की चपेट में आकर मारे गए बाघों के अवशेषों को जला दिया गया है। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। सरकारी मीडिया ‘वीएनएक्सप्रेस’ ने बिएन होआ शहर में वुन जोई चिड़ियाघर के संरक्षक के हवाले से बताया कि पशुओं को पास के फार्म से लाई गईं मुर्गियां खाने के लिए दी गई थी।