आगरालीक्स…दीपिका पादुकोण ने दिया बेटी को जन्म.’जो राम को लाए हैं’ गाने वाले सिंगर कन्हैया मित्तल जल्द कांग्रेस में होंगे शामिल. कुमार विश्वास को मिली धमकी…पढ़ें आज की मुख्य खबरें
दीपिका—रणवीर बने बेबी गर्ल के पेरेंट्स
बॉलीवुड के पसंदीदा पावर कपल दीपिका पादुकोण और रणवीर सिंह ने 8 सितंबर 2024 को अपने पहले बच्चे का स्वागत किया है। दीपिका-रणवीर ने अपनी बेटी संग अपनी लाइफ के नए अध्याय शुरुआत की है। दीपवीर के नाम से मशूहर कपल के फैंस इस खबर से बेहद खुश हैं कि दीपिका ने आज अपने पहले बच्चे को जन्म दिया है। इस खुशी के पल का दोनों के प्रशंसकों को बेसब्री से इंतजार था।
कांग्रेस में शामिल होंगे सिंगर कन्हैया मित्तल
‘जो राम को लाए हैं, हम उनको लाएंगे’ गाना गाने वाले गायक कन्हैया मित्तल ने चौंकाने वाला ऐलान किया है। वह जल्द कांग्रेस पार्टी में शामिल होंगे। कन्हैया मित्तल ने इस मुद्दे को लेकर कहा कि राम मंदिर का उद्घाटन अगर डॉ मनमोहन सिंह भी करते तो हम उनका नाम भी लेकर भजन बना देते। हमें किसी के जाने या ना जाने पर बात नहीं करनी। आप पार्टी से उठकर राष्ट्र की और सनातन की बात करें।
अबू धाबी के क्राउन प्रिंस का दिल्ली में जोरदार स्वागत
अबू धाबी के क्राउन प्रिंस शेख खालिद बिन मोहम्मद बिन जायद अल नाहयान अपनी पहली आधिकारिक भारत यात्रा पर दिल्ली पहुंच चुके हैं। भारत में वह तीन दिवसीय यात्रा पर आए हुए हैं। केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने उनका औपचारिक स्वागत किया।
कवि डॉ. कुमार विश्वास को फोन पर मिली धमकी
गाजियाबाद: कवि डॉ. कुमार विश्वास को फोन पर धमकी मिली है। इस संबंध में कुमार विश्वास के मैनेजर ने गाजियाबाद के थाना इंदिरापुरम में मुकदमा दर्ज कराया है। पुलिस ने मामले में जांच शुरू कर दी है। कुमार विश्वास गाजियाबाद के वसुंधरा इलाके में रहते हैं। कुमार के मैनेजर प्रवीण पांडे की ओर से पुलिस को दी गई शिकायत के मुताबिक 7 सितंबर की शाम 6.02 बजे उनके मोबाइल पर एक अज्ञात नंबर से कॉल आई। इस दौरान कॉलर ने अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया और कुमार विश्वास को टारगेट करते हुए सीधे तौर पर धमकियां दीं। कॉल करने वाले की भाषा बेहद अपमानजनक थी। इस कॉल ने कुमार विश्वास और मेरी (कुमार के मैनेजर) सुरक्षा को लेकर महत्वपूर्ण चिंता पैदा कर दी है।
पीएम मोदी एक साथ 10 ‘वंदे भारत’ को दिखाएंगे हरी झंडी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 15 सितंबर को झारखंड के जमशेदपुर से देश के अलग-अलग राज्यों के लिए 10 वंदे भारत ट्रेन को हरी झंडी दिखाएंगे। पीएम मोदी पहली बार एक साथ 10 वंदे भारत ट्रेन को हरी झंडी दिखाएंगे। ये 10 वंदे भारत ट्रेनें देशभर के अलग-अलग रेलवे स्टेशन से चलाई जाएंगी।
इस्लामाबाद : इमरान खान की पार्टी की रैली में फायरिंग
इस्लामाबाद में इमरान खान की पार्टी पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ़ की रैली में फायरिंग की खबर है। जानकारी के मुताबिक रैली के दौरान इमरान समर्थकों पर पुलिस ने फायरिंग की है। दरअसल, बड़ी संख्या में इमरान खान के समर्थक रैली के इकट्ठा हुए थे। इसी दौरान इमरान समर्थकों पर फायरिंग हुई है। भीड़ को तितर-बितर करने के लिए आंसू गैस के भी गोले छोड़े गए हैं।
हरियाणा विधानसभा चुनाव: कांग्रेस की दूसरी लिस्ट में 9 उम्मीदवार
हरियाणा विधानसभा चुनाव के लिए कांग्रेस ने उम्मीदवारों की दूसरी लिस्ट जारी कर दी है। इस लिस्ट में पार्टी ने नौ सीटों पर उम्मीदवारों का ऐलान किया है। इसके साथ ही पार्टी राज्य की 90 में से कुल 40 सीटों पर अपने उम्मीदवार उतार चुकी है। कांग्रेस ने चौधरी बिरेंद्र सिंह के बेटे बिजेंद्र सिंह को उचाना से टिकट दिया है। बिजेंद्र सिंह बीजेपी से सांसद थे, लेकिन लोक सभा चुनाव से पहले कांग्रेस में आ गए थे। अब उन्हें विधानसभा चुनाव में टिकट दिया गया है। पूर्व विधान सभा अध्यक्ष को कुलदीप शर्मा को गन्नौर विधानसभा से टिकट मिला है।