नई दिल्लीलीक्स…लद्दाख में सेना की गाड़ी नदी में गिरी, सात जवानों की मौत. शाहरुख खान के बेटे को मिली ड्रग केस में क्लीन चिट और हरियाणा के पूर्व सीएम ओमप्रकाश चौटाला को 4 साल की कैद…पढ़ें प्रमुख खबरें
सेना के सात जवानों की मौत
शुक्रवार को दुखद खबर सामने आई है. लद्दाख के तुर्तक सेक्टर में सेना की एक गाड़ी श्योक नदी में गिर गई. हादसे में 7 जवानों की मौत् हो गई जबकि कई जवान घायल हैं. इंडियन आर्मी के बयान के अनुसार 26 सैनिकों की टुकड़ी परतापुर से हनीफ सब सेक्टर के फॉरवर्ड पोस्ट पर जा रही थी. सुबह करीब नौ बजे इनकी गाड़ी फिसलकर श्याक नदी में जा गिरी. घायल सैनिकों को निकालकर आर्मी फील्ड हॉस्पिटल ले जाया गया जहां सात सैनिकों की मौत हो गई.

आर्यन खान को क्लीन चिट
नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो ने शुक्रवार को बॉलीवुड सुपरस्टार शाहरुख खान के बेटे आर्यन खान को ड्रग्स आन क्रूज मामले में क्लीन चिट दे दी है. एनसीबी को जांच में बिल्कुल भी कोई सुबूत नहीं मिला है कि आर्यन खान ने ड्रग्स ली थी. एनसीबी ने मुंबई की एक अदालत में 14 लोगों के खिलाफ आरोप पत्र दायर किए जिसमें आर्यन खान का नाम शामिल नहीं था. आर्यन खान के अलावा अविन साहू, गोपाल जी आनंद, समीन साइघन, भास्कर अरोड़ा और मानव सिंघल के खिलाफ सबूतों के अभाव में आरोप पत्र दायर नहीं किया गया है.
चौटाला को चार साल की कैद
इधर हरियाणा के पूर्व सीएम ओमप्रकाश चौटाला को आय से अधिक संपत्ति के मामले में कोर्ट ने चार साल की सजा सुनाई है. इसके साथ ही 50 लाख रुपये का जुर्माना भी लगाया है. इसमें से 5 लाख रुपये सीबीआई को दिए जाएंगे. जुर्माना न भरने पर छह महीने की सजा अतिरिक्त् भुगतनी होगी. सीबीआई के वकील ने बताया कि आरोपी ने दस दिन का समय देने की मांग की थी जिससे मेडिकल रिपोर्ट करवाई जा सके, लेकिन कोर्ट ने कहा कि जो मेडिकल टेस्ट करवाने हैं, जेल में करवाएं. सजा सुनाए जाने के बाद उनहें कस्टडी में ले लिया गया.