आगरालीक्स… आगरा में शादी वाले घरों में थाने से संदेश पहुंचाया जाएगा, बारात निकालने से सडक पर जाम लगा तो मुकदमा दर्ज होगा, बारात में डांस करते समय फायरिंग करने पर भी कार्रवाई की जाएगी।
बुधवार को कमिश्नर अनिल कुमार ने कानून व्यवस्था की बैठक की, उन्होंने कहा कि जिन घरों में शादी होने जा रही है, वहां संबंधित थाने से संदेश भेजा जाएगा कि बारात निकालने पर सडक पर जाम लगता है तो मुकदमा दर्ज किया जाएगा। इसी तरह से हर्ष फायरिंग करने पर भी मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी। यह आदेश उस समय दिया गया है जब साहलग शुरू होने जा रहा है, इसी महीने से शादी शुरू हो रही हैं।

अतिक्रमण हटाने के लिए सभी विभाग करेंगे काम
कमिश्नर ने आदेश दिए हैं कि अतिक्रमण हटाने के लिए सभी विभाग एक साथ मिलकर काम करेंगे, शहर में किसी भी जगह अतिक्रमण नहीं होना चाहिए, इसके लिए जो भी जिम्मेदार होगा, उस पर भी कार्रवाई की जाएगी।
यमुना एक्सप्रेस वे और हाईवे पर जाम से बचने के लिए एक्शन प्लान
कमिश्नर ने यमुना एक्सप्रेस वे और हाईवे पर जाम से बचने के लिए एक्शन प्लान तैयार कराने के निर्देश दिए हैं, इसमें दोनों विभाग बैठक कर जाम से निजात के सुझाव देंगे।