आगरालीक्स ..आगरा में वाटरवक्र्स से रामबाग जाने वाले यमुना के तीसरे पुल की एक लेन 72 घंटे के लिए बंद कर दी है, इससे लंबा जाम लग गया है। एनएचएआई ने दूसरी लेन पर लोड की टेस्टिंग शुरू कर दी है। टेस्टिंग पूरी होने के बाद बंद की गई लेन को वाहनों के लिए खोल दिया जाएगा।
वाटर वर्क्स से रामबाग के बीच यमुना में जवाहर पुल और नए पुल के बीच में तीसरा पुल बनाया गया है। पिछले दिनों फ्लाईओवर जाने वाली तीसरे पुल की लेन को खोल दिया गया था। दूसरी लेन (रामबाग से वाटर वर्क्स) पर काम तेज कर दिया गया। इसे 15 अगस्त को खोला जाना था लेकिन तकनीकी खामियों के कारण पुल की दूसरी लेन नहीं खोली जा सकी थी।
दोपहर में बंद कर दी एक लेन ऐसे में शनिवार दोपहर पुल की एक लेन को भी बंद कर दिया गया। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार दूसरी लेन पर भार का परीक्षण शुरू कर दिया है। लिहाजा चालू लेन को बंद किया गया है। लोड टेस्टिंग के दौरान भारी वाहनों से चालू लेन में भी कंपन हो रहा था। करीब 72 घंटे तक परीक्षण चलेगा। इसके बाद वाटर वर्क्स से रामबाग फ्लाईओवर वाली लेन को खोल दिया जाएगा। इसके ठीक सप्ताह भर के अंदर दूसरी लेन भी खोल दी जाएगी।