आगरालीक्स…आगरा मंडल की दो दर्दनाक खबरें. घर के बाहर खेल रही दो साल की बच्ची के ऊपर गिरा स्कूल का भारी भरकम लोहे का गेट…मथुरा में डम्पर ने तीन साल के मासूम को रौंदा…
आगरा मंडल में शनिवार को दो दुखदभरी खबर आईं. खबर छोटे—छोटे दो बच्चों की है जिनकी हादसों में मौत हो गई. एक हादसा फिरोजाबाद में हुआ तो दूसरा मथुरा में.
स्कूल का गेट बच्ची के ऊपर गिरा
पहला हादसा फिरोजाबाद के नगला सिंघी क्षेत्र का है. बताया जाता है कि यहां के गांव बजहेरा में रहने वाले देवीराम की दो साल की बेटी अनामिका अपनी भाई और बहन के साथ घर के पास स्थित नारारयणी शिवशंकर पब्लिक स्कूल के गेट के पास खेल रही थी. बताया जाता है कि अनामिका ने जैसे ही स्कूल के गेट को धक्का दिया, वह उखड़कर बच्ची के ऊपर ही गिर पड़ा. भाई बहनों के शोर की आवाज सुनकर आसपास मौजूद लोग तुरंत वहां पहुंचे और गेट को हटाकर बच्ची को अस्पताल लेकर पहुंचे लेकिन अनामिका की मौत हो चुकी थी. परिजनों इसको लेकर स्कूल संचालक पर लापरवाही का आरोप लगाया है. गांव वालों ने बताया कि पहले भी दो बार ये गेट गिर चुका है. स्कूल प्रबंधक हरवीर सिंह का कहना है कि जब ये हादसा हुआ उस समय स्कूल बंद था. बच्ची की मौत का दुख है. हालांकि इस संबंध में कोई भी तहरीर पुलिस को नहीं दी गई है.
डंपर ने बच्चे को रौंदा
दूसरा हादसा मथुरा का है. यहां के कस्बा नौहझील में रहनेवाले अनिल कुमार का रेडीमेड शोरूम है. बताया जाता है कि इनका तीन साल का इकलौता बेटा विनय शनिवार सुबह अपने चाचा के साथ बाइक से शोरूम पर जा रहा था. तभी बाजना तिराहा पर गिट्टी से भरे एक डंपर ने बाइक को टक्कर मार दी. इससे बाइक पर बैठा विनय गिर गया और वह डम्पर की चपेट में आ गया. हादसे में घटनास्थल पर अफरातफरी मच गई. परिजन बच्चे को तुरंत सीएचसी ले गए लेकिन जब तक उसकी मौत हो चुकी थी. परिजनों में कोहराम है.