आगरालीक्स…(20 November 2021 Agra News) आगरा के कितने होटलों में स्विमिंग पूल हैं…अग्निशमन विभाग को इसकी जानकारी ही नही. गिरते जलस्तर पर तो चिंता लेकिन होटलों में कितना यूज हो रहा पानी, पारदर्शिता अभी तक साफ नहीं.
आगरा, ताज सिटी में कितने होटलों में स्विमिंग पूल हैं,इसकी जानकारी अग्निशमन विभाग के पास नहीं है, जबकि इसी विभाग को होटलों को आपदा प्रबंधन या दुर्घटना प्रबंधन के संबंध में जन आवाजाही वाले प्रतिष्ठानों के भवनों और परिसर को लेकर एनओसी देनी होती है. ये आश्चर्यजनक सूचना आगरा के अग्निशमन कार्यालय के द्वारा सिविल सोसायटी ऑफ़ आगरा के जनरल सैकेट्री को दी गई है.
सिविल सोसायटी के जनरल सैकेट्री ने शनिवार को इस संबंध में प्रेस कांफ्रेंस कर जानकारी देते हुए बताया कि टूरिज्म विभाग होटलों को लाइसेंस देने के लिये कार्यदायी संस्था है,लेकिन होटल परिसरों को संचालित होने से पूर्व सुरक्षा संबधी व्यवस्था के लिये अनापत्ति (एनओसी) राज्य के अग्निशमन विभाग को ही देनी होती है. विभाग का कहना है कि उनका डिपार्टमेंट नेशनल बिल्डिंग कोड ऑफ़ इंडिया (एनबीसीआई) के पैरामीटर्स पूरे करने वाले प्रतिष्ठानों को ही अनुमति देता है. जिन प्रतिष्ठानों को एनबीसीआई के पैरामीटर पूरे करने पर अनुमति दी जाती है,उन्हें भी हर तीसरे साल उसे रिन्यू करवाना पडता है.
जहां तक एन बी सी आई कोड के तहत स्विमिंग पूलों के संचालन संबधी प्राविधानों का सवाल है,ये बिल्कुल उपयुक्त व अंतर्राष्ट्रीय मानकों के अनुरूप ही हैं.जहां तक आगरा के होटलों के स्विमिंग पूलों का प्रश्न है, संभवत इनका पालन न तो होटल प्रबंधन खुद कर रहा है और न हीं कार्यदायी एजेंसियां ही करवा रही हैं.होटलों के स्विमिंग पूल इस्तेमाल करने वाले स्विमरों के हित में इन मानकों का प्रभावी किया जाना निहायत जरूरी है और नैतिक जिम्मेदारी है.हो सकता है कि स्विमिंग पूलों के इंतजामों को लेकर होटल प्रबंधनों ने एन बी सी आई के के पैरामीटरों को पूरा करने के लिए कोई अन्य व्यवस्था कर रखी हो किन्तु वह गोपनीय न होकर टूरिज्म डिपार्टमेंट और अग्निशमन विभाग के पास तो होनी ही चाहिये.
उन्होंने बताया कि वैसे एक ओर सरकार आगरा के गिरते जलस्तर को लेकर अत्यंत गंभीर है, लेकिन होटल और मनोरंजन प्रधान गतिविधियों के संचालक परिसरों की जलापूर्ति व्यवस्था को पारदर्शी बनाये जाने को लेकर अब तक साफ नहीं है. ताजगंज क्षेत्र का भूगर्भ जल स्तर लगातार गिर रहा है. वहीं होटल जो कि पानी के बल्क यूजर है, की जलापूर्ति को लेकर सटीक उत्तर नहीं मिल पाता है. उन्होंने कहा कि हम अग्निशमन विभाग ही नहीं, टूरिज्म विभाग से भी मांग करते है कि अगर संभव हो तो बतायें कि जनपद के कितने होटलों में स्विमिंग पूल हैं. इनके संचालन के लिये कहां से अनुमति लिए जाने का प्रावधान है. सिविल सोसाइटी ऑफ़ आगरा के अद्याक्ष शिरोमणि सिंह ने चिंता जताते हुए कहा है, के हादसा होने के बाद अग्निशमन विभाग अपने ऊपर जिम्मेदारी नहीं लेता , बल्कि प्रतिष्टान पर सही एन ओसी नहीं ली गयी.