आगरालीक्स ..आगरा के छात्र डीयू के कालेज में पढना चाहते हैं,उनकी फीस संस्था उठाएगी, फीस ना होने पर मेधावी छात्र डीयू में प्रवेश से वंचित नहीं रह सकेंगे।
सत्यमेव जयते ट्रस्ट द्वारा गरीब मेधावी 400 छात्रों का डीयू में प्रवेश का फार्म भरवाया गया है। ट्रस्ट के अध्यक्ष मुकेश जैन ने बताया कि संस्था ऐसे छात्रों का पूरा खर्चा वहन करेगी जो अपनी प्रतिभा के आधार पर डीयू में प्रवेश लेंगे। 12 अक्टूबर को डीयू की पहली कट ऑफ जारी हो चुकी है। अभी कई कट ऑफ लिस्ट और जारी होंगी। संस्था की ओर से बच्चों की काउंसलिंग लगातार चल रही है। ट्रस्ट के महामंत्री गौतम सेठ ने कहा कि ट्रस्ट की एक टीम का गठन किया गया है। प्रवेश लेने वाले इन विद्यार्थियों के परिवारों की स्थिति देखने के बाद बच्चों की फीस और छात्रावास का खर्चा उठाया जाएगा। रविंद्र अग्रवाल ने बताया कि पिछले दो सालों से डीयू और उससे संबंद्ध विभिन्न संस्थानों में आगरा के 17 बच्चों की पढ़ाई का खर्चा ट्रस्ट उठा रहा है। अग्रवाल ने कहा कि हर महीने इन सभी बच्चों को लगभग डेढ़ से दो लाख रुपये का खर्चा संस्था वहन कर रही है। संस्था के सचिव मनीष राय, मीडिया प्रभारी नंद किशोर गोयल, रवि बंसल, अंकित खंडेलवाल आदि मौजूद रहे।