आगरालीक्स…(17 October 2021 Agra News) आगरा में पकड़े गए दो मुन्नाभाई. फर्जी अभ्यर्थी बनकर आया था सहायक अध्यापक की भर्ती परीक्षा देने…चार लाख में था पास कराने का ठेका
शिवालिक कैंब्रिज से पकड़ा गया फर्जी अभ्यर्थी
आगरा में रविवार को सहायता प्राप्त जूनियर हाईस्कूल के सहायक अध्यापक व प्रधानाध्यापक की भर्ती परीक्षा हुई. काफी अभ्यर्थियों ने इस परिक्षा में हिस्सा लिया तो वहीं हर बार की तरह इस पेपर में भी फर्जी अभ्यर्थी सहित दो को पकड़ लिया गया. रविवार को आवास विकास कॉलोनी के सेक्टर सात स्थित शिवालिक कैंब्रिज कॉलेज में परीक्षा चल रही थी, जहां से फर्जी अभ्यर्थी पकड़ा गया. सॉल्वर ने चार लाख रुपये में पास कराने का ठेका लिया था. एसओजी गैंग के अन्य सदस्यों के बारे में जानकारी जुटा रही है. दरअसल परिक्षा के दौरान एसओजी प्रभारी कुलदीप दीक्षित को मुखबिर द्वारा सूचना मिली थी कि सहायक अध्यापक भर्ती परीक्षा में एक अभ्यर्थी की जगह पर फर्जी अभ्यर्थी परीक्षा देने आया है और इसके लिए फिरोजाबाद में रकम तय की गई थी. इस पर एसओजी शिवालिक कैंब्रिज कालेज में पहुंची और एक कक्षा से खंदौली निवासी भूपेश बघेल को पकड़ लिया गया.
4 लाख रुपये में तय हुई बात
पुलिस ने फर्जी अभ्यर्थी से पूछताछ की और उसने बताया कि वह बीएससी पास है और फिरोजाबाद के भुवनेश्वर राणा की जगह पर परीक्षा देने आया था.यह सारी बातें उसकी एक शिक्षक ने कराई थी और परीक्षा में पास कराने के लिए 4 लाख रूपये तय हुए थे. पुलिस ने फिरोजाबाद से भुवनेश्वर को भी पकड़ लिया है. एसओजी को आशंका है कि गैंग के और भी सदस्य हैं और यह और भी केंद्र पर परीक्षा में शामिल हुए होंगे.