आगरालीक्स…(17 October 2021 Agra News) (जरूरी खबर) आगरा में सोमवार को कई घंटे नहीं आएगी बिजली. इतने घंटों के लिए इन सभी क्षेत्रों के फीडर रहेंगे बंद…जानिए कौन—कौन से इलाकों में नहीं आएगी बिजली…
त्योहार से पहले बिजली संकट करेगा परेशान
त्योहारों का समय चल रहा है लेकिन आपको बिजली संकट से परेशान होना पड़ सकता है. विद्युत विभाग द्वारा इस समय फीडरों की लाइन व कमियों को दुरुस्त करने का काम चल रहा है जिसके कारण विद्युत कटौती की जा रही है. इसके कारण रविवार को तीन घंटे तक कई इलाकों में बिजली गायब रही, जिसके कारण लोगों को परेशान होना पड़ा. लेकिन सबसे बड़ी परेशानी की बात ये है कि अभी बिजली कटौती से आपको कई और दिन भी परेशानी झेलनी पड़ सकती है.
त्योहार पर न हो कोई परेशानी, कमियां की जा रहीं दुरुस्त
त्योहारो का समय है. ऐसे में बिजली की कटौती ना हो इसके लिए पहले से ही विद्युत फीडरों की लाइन व कमियों को दुरुस्त करने की कवायद शुरू हो गई है. इस कार्य के चलते बिजली की कटौती भी हो रही है जिसकी वजह से लोगों को काफी समस्या का सामना भी करना पड़ रहा है. आम तौर पर बिजली की कटौती इतनी नहीं होती है. आज रविवार को शास्त्रीपुरम स्थित 132 केवी सब स्टेशन से पोषित सिकंदरा, खेरिया, सुभाष पार्क, औद्योगिक क्षेत्र, जवाहरपुरम, आवास विकास कॉलोनी, केदार नगर, शाहगंज सहित नौ फीडर पर बिजली की कटौती की गई जिसकी वजह से लोगों को काफी दिक्कते हुई. बिजली कटौती ने लोगों को काफी परेशान कर दिया. सुबह उठने पर लोगों को बिजली नहीं मिली, जिसके चलते लोगों की दिनचर्या प्रभावित हो गई. 3 घंटे तक बिजली की कटौती चली और करीब 10 बजे विद्युत आपूर्ति सुचारु हुई.
सोमवार को भी होगी कटौती
सोमवार को भी लोगों को बिजली कटौती का सामना करना पड़ेगा. विभाग द्वारा इसकी जानकारी दी गई है. कार्य के चलते सोमवार को मेडिकल कॉलेज, संजय प्लेस, न्यू आगरा, तोता का ताल, जगदीशपुरा, शाह मार्केट सहित छह बिजली फीडर बंद रहेंगे. इनसे पोषित इलाकों में तीन घंटे की घोषित बिजली कटौती होगी. संभवत: बिजली कटौती सुबह सात बजे से सुबह दस बजे तक रहेगी.