आगरालीक्स…(20 November 2021 Agra News) ट्रेन से कटकर दो युवकों की मौत…कानों में लगा था ईयरफोन, पास में मिले मोबाइल फोन में चल रहा था पबजी गेम….
मथुरा में हुआ हादसा
आगरा मंडल के मथुरा जिले में शनिवार सुबह दो युवकों की ट्रेन से कटकर मौत् हो गई. दोनों के शव मथुरा—कासगंज रेलवे ट्रैक पर पड़े मिले. सूचना पर पहुंची थाना जमुनापार पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा. दोनों के कान मेें ईयरफोन लगा था. पुलिस ने संभावना जताई है कि दोनों ईयरफोन लगाकर मोबाइल में गेम खेलते हुए जा रहे थे तभी ट्रेन की चपेट में आने से उनकी मौत हो गई.
सुबह सुबह मिली सूचना
सुबह करीब सात बजे कुछ लोगों ने मथुरा—कासगंज रेलवे लाइन पर पुलिस को दो युवकों के शव पड़े हुए होने की सूचना दी. इस पर थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई. पुलिस ने दोनों की शिनाख्त कालिंदीकुंज जमुनापार निवासी 18 साल के कपिल और 16 साल के गौरव के रूप में की है. लोगों ने बताया कि ये दोनों हर रोज टहलने के लिए आते थे. दोनों युवकों के कानों में ईयरफोन लगा हुआ था तथा पास में ही मोबाइल मिला जिस पर पबजी गेम चल रहा था. पुलिस का कहना है कि टहलते समय ट्रेन की चपेट में आने से मौत हुई है. शव पोस्टमार्टम को भेज दिए हैं.