आगरालीक्स.. आगरा में केंद्रीय मंत्री नितिन गडकारी ने कहा कि दो महीने में दिल्ली और आगरा के बीच जहाज चलाकर दिखा देंगे। आगरा में हवा में उडने वाली डबल डेकर बस चलाई जाएगी। जिससे दिल्ली से आगरा तक लोग जलमार्ग से आएंगे और यहां हवाई मार्ग से ताजमहल का दीदार करने के लिए पहुचेंगे।
बुधवार को जीआईसी मैदान पर आयोजित शिलान्यास कार्यक्रम में केंद्रीय सड़क, राजमार्ग और जहाजरानी मंत्री नितिन गडकरी ने कहा कि केंद्रीय मंत्री के रूप में साढ़े चार साल के कार्यकाल में देश में 10 लाख करोड़ और यूपी में दो लाख करोड़ की सड़कें और पुल बनाए हैं। यमुना में जहाज चलाने की बात पर अचरज कैसा, आप देखिए गंगा में वाराणसी से हल्दिया तक जलमार्ग बनाया जा चुका है। दो महीने में दिल्ली और आगरा के बीच नदी में जहाज चलाकर दिखा देंगे। दिल्ली से आगरा जल मार्ग से डेढ़ घंटे में आया जा सकेगा। किराया एक रुपये प्रति किलोमीटर लगेगा जो बस और ट्रेन से सस्ता है। इसके लिए रूस की कंपनी से एमओयू हो चुका है।आगरा में हवा में उड़ने वाली डबल डेकर बस चलाई जानी चाहिए, स्काई डबल डेकर बस सेवा शुरु हुई तो इसका किराया मेट्रो ट्रेन से 30 फीसदी सस्ता पड़ेगा। उन्होंने आगरा के मेयर नवीन जैन को इस सेवा के प्रोजेक्ट का प्रजेंटेशन देखने के लिए आमंत्रित किया। जिससे लोग जलमार्ग से आगरा आएंगे और हवाई मार्ग से ताज देखने के लिए जाएंगे।
1210 करोड़ रुपये की योजनाओं का शिलान्यास
उन्होंने आगरा में सीवरेज ट्रीटमेंट की 1210 करोड़ रुपये लागत की दो योजनाओं का शिलान्यास किया। साथ ही आगरा-बरेली नेशनल हाईवे के चौड़ीकरण के प्रथम चरण (आगरा से जलेसर तक का) शिलान्यास किया। गडकरी ने कहा कि नमामि गंगे योजना के तहत भारत सरकार बहुत काम कर रही है। गंगा सहित उसकी सहायक 40 नदियों को स्वच्छ बनाया जा रहा है। इसी के तहत आगरा में करीब 900 करोड़ रुपये की सीवर योजना का शिलान्यास हुआ है।