आगरालीक्स…आगरा में देहात की पांच विधानसभा सीटों पर टिकट के लिए भाजपा में मारामारी है। खेरागढ़ व फतेहपुरसीकरी में सबसे ज्यादा दावेदार हैं।
टिकट के लिए लंबी फेहरिश्त
आगामी विधानसभा चुनाव के लिए टिकट को लेकर भाजपा में घमासान मचा हुआ है। देहात की सभी पांचों सीट पर टिकट चाहने वालों की लंबी फेहरिश्त है। सर्वाधिक जोर आजमाइश खेरागढ़ तथा फतेहपुरसीकरी विधानसभा सीट को लेकर है।
बाहः राजपरिवार को घर में से ही चुनौती
बाह विधानसभा क्षेत्र की टिकट को लेकर भाजपा में राजा अरिदमन के परिवार को इस मर्तबा उनके ही साथ रहे सुग्रीव सिंह चुनौती दे रहे हैं। महाराजा भदावर के परिवार की इस विधानसभा सीट पर लंबे समय से दावेदारी रही है। महाराजा अरिदमन सिंह की पत्नी रानी पक्षालिका सिंह वर्तमान में इस विधानसभा से विधायक हैं।
सुग्रीव सिंह कर रहे टिकट का प्रयास
लंबे समय से राजा परिवार से जुड़े रहे सुग्रीव सिंह भी इस बार टिकट के लिए प्रयासरत हैं। पिछले दिनों प्रधानमंत्री मोदी तथा अमित शाह के करीबी माने जाने वाले अरविंद कुमार को सुग्रीव सिंह ने व्यक्तिगत रूप से कार्यक्रम कर आमंत्रित किया। यह टिकट पाने की रणनीति का ही एक पेंतरा था।
फतेहाबादः कई पूर्व विधायक कतार में
फतेहाबाद विधानसभा सीट पर वर्तमान में भाजपा के जितेंद्र वर्मा विधायक हैं। इस सीट पर उनके अलावा पूर्व विधायक छोटेलाल वर्मा, पूर्व विधायक डॉ. राजेंद्र सिंह, हरेंद्र सिंह व ऋषि उपाध्याय टिकट के लिए प्रयासरत हैं।

खेरागढ़ः हर वर्ग के दिग्गज लगा रहे जुगाड़
खेरागढ़ विधानसभा सीट पर टिकट के लिए रस्साकशी जोरों पर है। वर्तमान में भाजपा के महेश गोयल यहां से विधायक हैं। उनके अलावा वैश्य समाज से सुधीर गर्ग गुड्डू, महेश गोयल, दिनेश गोयल भी इस सीट पर टिकट पाने के लिए प्रयासरत हैं। ठाकुर व ब्राह्मण मतदाताओँ की संख्या अच्छी खासी होने के कारण ठाकुर समाज से दानवीर सिंह परमार, पूर्व जिलाध्यक्ष श्याम भदौरिया, बबिता चौहान व संतोष सिकरवार तथा ब्राह्मण समाज से श्यामसुंदर पाराशर व बीना लवानियां भी दावेदारों की सूची में शामिल हैं।
आगरा ग्रामीणः कई दावेदार लाइन में
आगरा ग्रामीण क्षेत्र से वर्तमान में भाजपा की हेमलता दिवाकर विधायक हैं। उनके अलावा इस सीट से पूर्व मेयर अंजुला माहौर, ओमप्रकाश चलनी वाले, सीमांत राजौरा, उमाशंकर माहौर टिकट मांगने वालों की लाइन में शामिल हैं।
फतेहपुरसीकरीः दिग्गज अब बेटों के लिए प्रयासरत
फतेहपुरसीकरी विधानसभा क्षेत्र से वर्तमान में प्रदेश सरकार में मंत्री चौ. उदयभान सिंह विधायक हैं। 75 साल की उम्र होने के कारण वह टिकट नहीं मांग रहे किंतु वह अपने पुत्र डा. संजीव पाल सिंह के लिए प्रयासरत हैं। इसी प्रकार पूर्व मंत्री बाबूलाल, उनके पुत्र रामेश्वर, प्रशांत पौनियां, जितेंद्र फौजदार, राहुल चौधरी, सोनू चौधरी व अशोक राना इस सीट पर टिकट पाने के लिए जोर लगा रहे हैं। देखना है कि बाजी किसके हाथ लगती है।