आगरालीक्स.. आगरा के पेट्रोल पंप में भी चिप लगी हुई है, पेट्रोल में घटतौली की जा रही है, इसे देखते हुए डीएम ने चार टीमें बनाई हैं। एक एक पेट्रोल पंप की जांच कर टीम कार्रवाई करेगी। मंगलवार से पेट्रोल पंप की जांच शुरू कर दी गई।
मंगलवार को डीएम के निर्देश पर एसीएम प्रथम अरुण कुमार सिंह के नेतृत्व में टीम ने पहले नालबंद चौराहा स्थित हुकम चंद फकीर चंद पेट्रोल पंप और प्रतापपुरा के कांत पेट्रोल पंप पर छापा मारा। दूसरी टीम एसीएम द्वितीय के नेतृत्व में देहली गेट स्थित पेट्रोल पंप पर छापा मारने पहुंची।
छापे के दौरान टीम ने पंप पर काम कर रही सभी मशीनों से पांच-पांच लीटर पेट्रोल एल्यूमिनियम कंटेनर में निकलवाया। इसके अलावा मशीन में लगी सील की भी जांच की। टीम को संदेह था कि मशीनों में चिपें भी हो सकती है। सभी मशीनों को खोलकर भी चेक किया गया, लेकिन चिप नहीं मिली। डीएम गौरव दयाल का कहना है कि पेट्रोल-डीजल पंपों पर घटतौली व मिलावट की जांच के लिए टीमें गठित कर जांच करवाई जा रही है। दोषियों पर कार्रवाई होगी।
चार टीमें गठित
डीएम ने मंगलवार को जिले के हर पेट्रोल पंप की जांच के आदेश जारी किए। जांच के लिए एसीएम के नेतृत्व में चार टीमों का गठन किया गया है। टीम में ऑयल कंपनी, आपूर्ति विभाग और बांट-माप के अधिकारियों अथवा कर्मचारियों को शामिल किया गया है। सभी टीमों को निर्देश दिए गए हैं कि वह जनपद के एक-एक पेट्रोल पंप की जांच करें। जिस पेट्रोल पंप पर घटतौली पकड़ी जाए उसे तुरंत सीज कर दिया जाएगा। और दोषियों को गिरफ्तार किया जाए।
ये टीमें करेंगी कार्रवाई
एसीएम प्रथम की अध्यक्षता में बनी टीम तहसील किरावली व नगर क्षेत्र के पेट्रोल-डीजल पंपों की जांच करेगी। एसीएम द्वितीय की अध्यक्षता में गठित टीम तहसील एत्मादपुर व शहर के पेट्रोल पंपों की जांच करेगी। एडीएम नागरिक आपूर्ति की अध्यक्षता में गठित टीम तहसील फतेहाबाद व बाह सहित समस्त नगर क्षेत्र एवं जिला पूर्ति अधिकारी की अध्यक्षता में गठित टीम तहसील सदर व खेरागढ़ सहित नगर क्षेत्र के पेट्रोल-डीजल पंपों की जांच करेगी। सभी टीमें अभियान चलाकर 10-10 पंपों की जांच कर अपनी रिपोर्ट सौपेंगी।
पेट्रोल-डीजल में मिलावट
अधिकारियों के मुताबिक पेट्रोल व डीजल में साल्वेंट, केरोसिन की मिलावट आमतौर पर की जाती है। दूरदराज के इलाकों में घटतौली व मिलावट के मामले ज्यादा सामने आते हैं। जिला पूर्ति कार्यालय और बांट-माप कार्यालय लगातार पंपों पर मिलावट व घटतौली की जांच करें तो लाखों उपभोक्ताओं को हर साल करोड़ों रुपए का चूना लगने से बचाया जा सकता है।
इलेक्ट्रिशयन ने बनाई चिप
रविंद्र इलेक्ट्रिशयन ने ये चिप डेवलप की थी जो पेट्रोल पंप की डिस्पेंसिंग मशीनों में लगाई जाती थी। इसकी कीमत तीन हजार रुपए है। चिप लगने के बाद मशीन 6% तक कम पेट्रोल सप्लाई करती थी।
इलेक्ट्रॉनिक चिप दो तरह की होती हैं। एक का इस्तेमाल रिमोट से होता है, जबकि दूसरी चिप बिना रिमोट के कोड नंबर से काम करती है।
– ये लोग ग्रीन सर्किट में चिप लगाकर खेल करते थे। कुछ जगह एमसीबी और कुछ जगह पैनल में सर्किट लगाया गया था। इस चिप के लगते ही ये पेट्रोल डिलिवरी पल्स को बढ़ा देती है, जिससे मशीन के मीटर पर पेट्रोल सप्लाई और रेट तो सही बताता है, लेकिन असल में इससे कम पेट्रोल मिलता है।
– रविंद्र ने पुलिस को बताया कि उसने यूपी के करीब एक हजार पेट्रोल पंप को यह चिप बेची थी। एएसपी के मुताबिक, रिमोट के जरिए पेट्रोल सप्लाई की लिमिट तय की जाती थी। अगर कोई कस्टमर एक लीटर पेट्रोल लेता था तो उसे हकीकत में 940 ml पेट्रोल ही मिलता था। यानी कस्टमर को 60 ml का नुकसान होता था।
इस तरह करते थे
पेट्रोल पंप में इस खेल में 2 से 3 लोग शामिल रहते थे। एक पेट्रोल डालता था और दूसरा कैश बैग लेकर खड़ा रहता था। बैग लेकर खड़े रहने वाला पैसों के साथ ही रिमोट रखता था। मौका मिलते ही वह रिमोट दबाकर घटतौली कर देता था।
– कुछ जगह पर इन दोनों के अलावा तीसरा कर्मचारी जेब में रिमोट लेकर खड़ा रहता था। एसएसपी एसटीएफ ने बताया कि ये लोग ग्रीन सर्किट में चिप लगाकर खेल करते थे। कुछ जगह एमसीबी और कुछ जगह पैनल में सर्किट लगाया गया था।
Leave a comment