आगरालीक्स ….(News 28th November).आगरा सहित यूपी में यूपीटेट निरस्त होने के बाद पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने टवीट किया है, कहा है कि बेरोज़गारों का इंक़लाब होगा ~ बाइस में बदलाव होगा! प्रियंका गांधी वाड्रा ने टवीट किया है भर्तियों में भ्रष्टाचार, पेपर आउट ही भाजपा सरकार की पहचान बन चुका है।
यूपीटेट निरस्त होने पर गर्माने लगी राजनीति
यूपीटेट का पेपर निरस्त होने के साथ ही राजनीति गर्माने लगी है। सभी दलों की नजर युवाओं पर हैं। ऐसे में यूपी में 2022 में होने जा रहे विधानसभा चुनाव को देखते हुए यूपीटेट निरस्त होने पर पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव और कांग्रेस की यूपी प्रभारी प्रियंका गांधी वाड्रा ने टवीट किया है।
यूपीटेट 2021 की परीक्षा आगरा सहित यूपी के 75 जिलों में रविवार सुबह 10 से 12.30 बजे और दोपहर दो से शाम पांच बजे तक परीक्षा आयोजित की जानी थी। परीक्षा के लिए यूपी में 2736 केंद्र बनाए गए, परीक्षा में 1999418 अथ्यर्थी शामिल होने थे। एडीजी लॉ एंड आर्डर प्रशांत कुमार ने प्रेसवार्ता में बताया कि शनिवार रात को इंटेलीजेंस और छह जिलों की एसटीएफ ने छापेमार कार्रवाई की। लखनऊ सहित छह जिलों से 23 लोगों को अरेस्ट किया गया। इनके पास से मिले दस्तावेजों को शासन और परीक्षा करा रही एजेंसी के साथ साझा किया गया। पेपर लीक होने पर यूपीटेट की 75 जिलों में आयोजित की गई परीक्षा निरस्त कर दी गई है। जो भी इसमें शामिल हैं उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।