आगरालीक्स… आगरा में वसंत का उल्लास छाया हुआ है, ऋतुओं की राजा वसंत है, तीन दिन तक आगरा में वसंत के आयोजन होंगे, दयालबाग में सबसे बडा आयोजन किया जाता है।
शनिवार सुबह दयालबाग में वसंत का शुभारंभ खेत पर आयोजित बेबी शो से हुआ, यहां तीन दिन खेल सहित अन्य प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। वसंत के स्वागत के लिए दयालबाग को फूलों से सजाया गया है, रात में रंग बिरंगी रोशनी से जगमग दयालबाग को देख मन गदगद हो रहा है। इसी तरह से शहर में जगह जगह वसंत के कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
वसंत पंचमी के दिन उत्पन्न हुईं थी सरस्वती
हिंदु पौराणिक कथाओं में प्रचलित एक कथा के अनुसार भगवान ब्रह्मा ने संसार की रचना की। लेकिन उन्हें लगा कि उनकी रचना में कुछ कमी रह गई है। इसीलिए उन्होंने अपने कमंडल से जल छिड़का, जिससे चार हाथों वाली एक सुंदर स्त्री प्रकट हुई। उस स्त्री के एक हाथ में वीणा, दूसरे में पुस्तक, तीसरे में माला और चौथा हाथ वर मुद्रा में था। ब्रह्मा जी ने इस सुंदर देवी से वीणा बजाने को कहा। जैसे वीणा बजी ब्रह्मा जी की बनाई हर चीज में स्वर आ गया। तभी ब्रह्मा जी ने उस देवी को वाणी की देवी सरस्वती नाम दिया। यह दिन बसंत पंचमी का था।