आगरालीक्स ..आगरा में वाहन चोरी करने वाला बडा गिरोह पकडा गया है, यह 200 बाइक और एक्टिवा चोरी कर चुका है।
रविवार को पुलिस लाइन में प्रेसवार्ता में एसएसपी बबलू कुमार ने बताया कि गिरोह का सरगना खुशीराम निवासी बगेड़िया, फतेहाबाद है। चोरी करने के बाद वाहनों को मध्य प्रदेश और राजस्थान के ग्रामीण इलाकों में बेचते थे। सबसे ज्यादा वाहन पिनाहट में चंबल की तलहटी में बसे गांव नगला दलेल में बेच चुके हैं। दोपहिया वाहनों को खरीदने के बाद वहां के ग्रामीण पड़ोसी राज्यों में अपने रिश्तेदारों और परिचितों को बेच देते थे। पुलिस ने नगला दलेल में दबिश दी। ग्रामीणों को भनक लगने पर अधिकांश घरों में ताले डालकर लोग भाग गए। उन्हें डर था कि पुलिस हिरासत में लेकर पूछताछ करेगी। नगला दलेल मध्य प्रदेश, राजस्थान की सीमा से लगता है। वाहन चोरों के नाम रमाकांत निवासी गांव महावई फतेहाबाद, गंभीर निवासी बैंगनपुर फतेहाबाद, सुरेंद्र निवासी नौगंवा फतेहाबाद, भूरी सिंह निवासी कुबेरगढ़ी फतेहाबाद और बंटी निवासी गुर्जापुर बसई अरेला हैं। फरार आरोपितों के नाम रघुनी उर्फ रघुराज निवासी कुंवरगढ़ पिनाहट और नैने निवासी नगला दलेल पिनाहट हैं।
गैरेज में वाहन का हुलिया बदलने के बाद गांव में बेच देते थे
गैरेज में ले जाकर हुलिया बदल देते थे। गाड़ी के रंग के अलावा उसकी सीट, बैग और हैंडल आदि बदलते थे। इससे कि वाहन मालिक एक नजर में अपनी गाड़ी को पहचान नहीं सके। सौदा होने के बाद ठिकाने पर पहुंचाते थे वाहन गिरोह के सदस्य वाहनों को चोरी करने के बाद उन्हें निश्चित ठिकानों पर खड़ा कर देते थे। गाड़ी का सौदा होने के बाद दूसरे साथी उसे वहां पहुंचा देते।
ऐसे बचाएं अपनी बाइक और एक्टिवा, 30 सेकेंड में वाहन चोरी
गिरोह ने पूछताछ में बताया कि वाहन चोरी करने में 30 से 45 सेकेंड लगता है। व्हील लॉक लगा होने पर बाइक की चोरी नहीं करते हैं, क्योकिं इसके लिए उन्हें दो लॉक खोलने पडते हैं और इसमें समय लगता है।
गाड़ी के इग्निशन लॉक के ग्रुव्स घिस जाने पर आसनी से मास्टर चाबी से आसानी से खुल जाते हैं। उसे पुराना होने पर बदल देने से मास्टर की जल्दी काम नहीं करती। उसे खोलने में एक मिनट से समय लगता है।
गाड़ी को खड़ी करके जाते समय उसका प्लग निकाल दें, इससे मास्टर चाबी लगने के बाद भी वह स्टार्ट नहीं होगी।
गाड़ी खड़ी करने के बाद एक मिनट तक उस पर नजर रखें, शातिर अपने सामने खड़ी हुई गाड़ी को ही निशाना बनाते हैं।