आगरालीक्स.. आगरा में आगरा कॉलेज की छात्रा ने विवि में खुद पर मिटटी का तेल उडेला, आग लगाने की कोशिश की, छात्रा को विवि ने परीक्षा में एक विषय में फेल दिखा दिया है। छात्रा का कहना है कि वह पास है लेकिन उसे फेल दिखा दिया गया है, रिजल्ट में संशोधन नहीं किया जा रहा है। पुलिस ने छात्रा को हिरासत में ले लिया।
बुधवार दोपहर में आगरा कॉलेज की बीए की छात्रा प्रीति दुबे विवि में पहुंची, छात्रा का कहना है कि उसने बीए प्रथम वर्ष की परीक्षा 2016 में दी थी। इसके बाद बीए द्वितीय और तृतीय वर्ष की परीक्षा उत्तीर्ण कर ली। तीन साल बाद विवि ने छात्रा को सैन्य विज्ञान में 24 नंबर दर्शाकर फेल दिखा दिया गया है। इससे परेशान छात्रा विवि में चक्कर लगा रही थी लेकिन उसकी मार्कशीट को ठीक नहीं किया गया।
उडेल ली मिटटी के तेल की बोतल
छात्रा अपने परिजन के साथ विवि पहुंची, यहां उसने अपनी समस्या बताई लेकिन किसी ने सुना नहीं। इससे आक्रोशित छात्रा ने खुद पर मिटटी के तेल की बोतल उडेल ली, खुद को आग लगाने की कोशिश की, सुरक्षा कर्मियों ने उसे रोक लिया। पुलिस उसे थाना हरीपर्वत ले आई।