आगरालीक्स…(वीडियो) क्या आईएमए का फर्ज नहीं बनता कि वो मेरा साथ दे…बच्ची की मौत के बाद लोगों की पिटाई से घायल डॉ. रजनीश मिश्रा वीडियो में बोले. मृतक बच्ची के पिता को मिली जमानत.
ये है मामला
नौबरी बरौली अहीर के रहने वाले रमाकांत की सात साल की बेटी को पीलिया की शिकायत थी. इस पर रमाकांत ने अपनी बेटी को उपाध्याय नर्सिंग होम में भर्ती कराया था. यहां बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. प्रखर गुप्ता बच्ची का इलाज कर रहे थे. बताया जाता है कि बच्ची की हालत गंभीर थी. रविवार को बच्ची को देखने के लिए गेस्ट्रोएंटोलाजिस्ट दीपक शर्मा को बुलाया गया लेकिन वे छुट्टी पर होने के कारण नहीं आए. सोमवार सुबह डॉ. दीपक शर्मा अस्पताल पहुंचे. उन्होंने बच्ची को देखा लेकिन कुछ देर बाद ही बच्ची की मौत हो गई. परिजनों का आरोप था कि रविवार को फीस जमा करने के बाद भी डॉक्टर बच्ची को देखने नहीं आए. उन्होंने हंगामा शुरू कर दिया. डॉक्टरों ने आक्रोशित परिजनों को किसी तरह शांत करा दिया. बच्ची का शव देने के बाद जैसे ही डॉक्टर दीपक शर्मा अपने गेट से बाहर आए तभी परिजनों ने उन्हें घेर लिया. हंगामा करते हुए डॉ. दीपक शर्मा का गला खींच कर पीटना शुरू कर दिया. ये देखकर एनेस्थीसिया विशेषज्ञ डा रजनीश मिश्रा उन्हें बचाने के लिए पहुंचे तो लोगों ने उन्हें भी जमकर पीटना शुरू कर दिया. उन्हें जमीन पर लिटाकर जूतों से मारना शुरू कर दिया. पिटाई से डॉ. रजनीश मिश्रा को गंभीर चोट आई और उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है. इस मामले में डॉ. रजनीश मिश्रा के पिता ने आरोपियों के खिलाफ थाना सदर में तहरीर दी थी.
आईएमए ने पुलिस को दिया अल्टीमेटम
घटना के बाद मंगलवार को आईएमए ने इस संबंध में एक आपात बैठक की और घटना पर रोष जताया. उन्होंने पुलिस को 24 घंटे का अल्टीमेटम दिया. पुलिस ने तहरीर के आधार पर मृतक बच्ची के पिता को अरेस्ट कर लिया.
डॉ. रजनीश मिश्रा ने की आईएमए से अपील
बुधवार को पिटाई से घायल रजनीश मिश्रा ने एक वीडियो जारी कर आईएमए से साथ देने की अपील की है. वे वीडियो में कह रहे हैं कि उन्हें बुरी तरह से मारा पीटा गया, क्या आईएमए का फर्ज नहीं बनता कि वो मेरा साथ दे. उन्होंने कहा कि हर बार डॉक्टरों के साथ ही ऐसा क्यों होता है. मैं घायल हो गया. आज होश आया तो लगा कि आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई हो चुकी होगी और वे जेल जा चुके होंगे. लेकिन शाम को पता चलता है कि मृतक बेटी के पिता को जमानत भी मिल चुकी है. इधर आईएमए ने घटना को लेकर एक बार फिर गुरुवार को एक मीटिंग बुलाई है. वहीं बुधवार को अरेस्ट किए गए मृतक बच्ची के पिता को अग्रिम जमानत भी मिल गई.