आगरालीक्स ..आगरा में यातायात महीने में भाजपा की कमल संदेश यात्रा में यातायात के नियम आंसुओं से रोए, इन नियमों के लिए सख्ती करने वालों ने आंखें बंद कर ली, मंत्री ने कहा कि जवानी जवानी होती है।
आगरा में शनिवार को भाजपा कमल संदेश बाइक रैली निकाली गई, रैली का शुभारंभ तारघर मैदान से हुआ। शहर के साथ ही ग्रामीण क्षेत्रों से आए भाजपा कार्यकर्ताओं ने हाथ में भाजपा का झंडा लेकर बाइक रैली निकाली, एमजी रोड पर बाइकों पर बिना हेलमेट लगाए और एक बाइक पर तीन कार्यकर्ता बैठ कर रैली में शामिल हुए।
यातायात महीने में तोडे नियम
दरअसल, यातायात महीना चल रहा है, इसे लेकर आगरा में विशेष सख्ती है, हेलमेट और बार बेल्ट न लगाने और यातायात के नियम तोडने पर चालान किए जा रहे हैं। ऐसे में भाजपा की कमल संदेश यात्रा में युवा कार्यकर्ता बाइकों पर बिना हेलमेट पहनकर निकले, इन्हें देख यातायात कर्मियों ने मुंह फेर लिया।

बडे नेताओं के सिर पर दिखाई दिया हेलमेट
एससी आयोग के अध्यक्ष डॉ राम शंकर कठेरिया सहित बडे नेता बाइक पर हेलमेट लगाकर बैठे, एससी आयोग के अध्यक्ष बाइक पर पीछे बैठे हुए थे लेकिन उन्होंने भी हेलमेट लगा रखा था।
जवानी जवानी होती है
प्रदेश के ग्राम विकास व चिकित्सा स्वास्थ मंत्री महेंद्र कुमार सिंह ने तारघर से शुरू हुई भाजपा कमल संदेश बाइक रैली का शुभारंभ किया, रैली एमजी रोड, भगवान टॉकीज होते हुए बल्केश्वर तक पहुंची, यहां सभा आयोजित की गई। भाजपा कार्यकर्ताओं द्वारा यातायात महीने में यातायात के नियम तोडन पर पूछे गए सवाल पर ग्राम विकास व चिकित्सा स्वास्थ मंत्री महेंद्र कुमार सिंह ने कहा कि हमने आह्वान किया है कि हेलमेट लगाकर ही निकले। पर जवानी जवानी होती है और कार्यकर्ता कार्यकर्ता। उम्मीद है कि कार्यकर्ता हेलमेट लगाकर निकलेंगे।