आगरालीक्स आगरा में ताजमहल की सुरक्षा में सेंध, ताजमहल पर दो बार ड्रोन उडाया गया, वीडियो वायरल होने के बाद खलबली मची हुई है, ड्रोन कहां से उडाया गया और कौन ड्रोन उडा रहा था, इसकी छानबीन की जा रही है।
ताजमहल और उसके पांच सौ मीटर के प्रतिबंधित क्षेत्र में ड्रोन कैमरे पर पाबंदी है। ऐसे में बुधवार सुबह करीब 10.30 बजे कुछ लोगों ने दक्षिणी गेट से ड्रोन उड़ाया, जोकि ताज के रेड जोन पर मंडराता रहा। तकरीबन 10 मिनट तक ड्रोन उड़ता रहा।
सीआईएसएफ के जवानों की नजर पड़ी तो बाहर आकर देखा गया मगर तब तक ड्रोन उड़ाने वाला पर्यटक वहां से जा चुका था। इसकी जानकारी ताजगंज थाना, ताज सुरक्षा और पर्यटन पुलिस को भी दी गई। इसके बाद आसपास के इलाके में पूछताछ की गई मगर पर्यटक का सुराग नहीं लगा।
शाम छह बजे दोबारा उडाया ड्रोन
शाम तकरीबन छह बजे महताब से ताज के ऊपर दोबारा ड्रोन उड़ता हुआ देखा गया। काफी देर तक यहां भी ड्रोन उड़ता रहा। दूसरी बार भी सुरक्षा एजेंसियों को ड्रोन उड़़ाने वाले का पता नहीं चल सका। इस संबंध में पर्यटन थाना इंस्पेक्टर जितेंद्र द्विवेदी का मीडिया से कहना है कि ताज के प्रतिबंधित क्षेत्र में दो बार ड्रोन उड़ाने की जानकारी मिली है। इसकी जांच की जा रही है।
वीडियो हो गए वायरल
ताजमहल के ऊपर ड्रोन उड़ाने के वीडियो शाम तक वायरल हो गए। कई लोगों के मोबाइल में यह वीडियो पहुंच गए। इन वीडियो में ताजमहल के दक्षिणी गेट से और इसके बाद महताब बाग की ओर से ड्रोन को उड़ते हुए दिखाया गया है। इनमें भारतीय पर्यटकों की आवाजें भी साफ आ रही हैं।
फाइल फोटो