आगरालीक्स…बिना बुलाए शादी में दावत खाने पहुंंचा एमबीए का स्टूडेंट. बर्तन धोने की मिली सजा. वीडियो बनाकर छात्र से पूछे ये सवाल…
शादियों का सीजन चल रहा है. लेकिन कहीं ऐसा तो नहीं है कि आप बिना निमंत्रण के दावत खाने जा रहे हों. अगर ऐसा है तो एक बार दोबारा सोचिए, क्योंकि अब शादी में आने वाले हर किसी व्यक्ति को देखा जा रहा है. फ्री की दावत खाने वालों को सजा भी दी जा रही है. कुछ ऐसा ही देखने को मिला भोपाल में. यहां एक शादी में बिना निमंत्रण के एमबीए स्टूडेंट दावत खाने के लिए पहुंच गया. घरातियों ने शक होने पर उसे पकड़ लिया. फिर क्या था, उससे बर्तन भी धुलवाए और उसका वीडियो भी बना दिया. सोशल मीडिया पर ये वीडियो वायरल हो रहा है और लोग इसे जमकर देख रहे हैं.

जानें क्या है मामला
मामला भोपाल के एक मैरिज होम का है. यहां शादी में एक एमबीए का स्टूडेंट बिना निमंत्रण के दावत खाते हुए पकड़ा गया. स्टूडेंट ने अपना नाम सम्राट कुमार और जबलपुर का रहने वाला बताया. वीडियो जिसने बनाया उसने छात्र का बर्तन धोते हुए का वीडियो बनाया और इंटरव्यू भी लिया. इसमें वीडियो बनाने वाला कहता है कि मम्मी—पापा पैसे नहीं भेजते हैं जो इस तरह फ्री में दावत उड़ाने आ गए हो. पूछा गया कि किसी ने तुम्हें कहा था ऐसा करने को तो छात्र ने कहा कि नहीं. इस पर वीडियो बनाने वाला कहता है कि यह फ्री में खाने की सजा है. बर्तन धोइए. जब पूछा गया कि फ्री में अब कैसा लग रहा है तो छात्र बोला फ्री में खाना खाया है तो कुछ तो करना ही होगा.
शादियों में लोग रखते हैं अनजानों पर नजर
बता दें कि शादियों के समय में चोरी की घटनाएं काफी बढ़ी हैं. चोर शादी में घुस आते हैं और लोगों के साथ जेवरात, कैश लूटने की घटनाओं को अंजाम दे देते हैं. ऐसी कई घटनाएं पहले सामने आ चुकी हैं, पुलिस भी लोगों को शादी में अनजाने चेहरों को ध्यान में रखने की सलाह देती है. ऐसे में लोग भी जागरूक हो गए हैं.