नईदिल्लीलीक्स… ( 10 April ) ।पश्चिमी बंगाल में विधानसभा के चौथे चरण में पांच जनपदों की 44 सीटों पर भारी हिंसा के बीच भारी मतदान हो रहा है। सुबह सात बजे से मतदान चल रहा है। कूचबिहार में सीआरपीएफ की फायरिंग में चार लोगों की मौत के अलावा कुछेक स्थानों पर छिटपुट हिंसा की खबरें मिली हैं।
चुनाव आयोग के मुताबिक दोपहर 1.20 बजे तक 50.8 फीसदी मतदान हुआ है। सभी मतदान केंद्रों पर सुबह से ही लंबी-लंबी लाइनें लगी हुई हैं।
कहां कितनी सीटें
आज के चुनाव में कुल 1,15,81,022 मतदाता 373 प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला आज ईवीएम में बंद कर देंगे। आज हावड़ा में 9, दक्षिण 24, परगना 11, अलीपुर द्वार में 5, कूचबिहार में 9 और हुगली में 10 सीटों पर मतदान कराया जा रहा है।
बाबुल सुप्रियो समेत कई दिग्गजों का भाग्य होगा कैद
चौथे दौर में ख्यातिनाम प्रत्याशी भी अपने भाग्य को आजमा रहे हैं। इनमें बंगाली फिल्म इंडस्ट्रीज के बाबुल सुप्रीयो टालीगंज सीट से चुनाव लड़ रहे हैं। वहीं टीएमसी के महासचिव पार्थ चटर्जी लगातार चौथी बार बेहाला पश्चिम सीट से भाजपा की उम्मीदवार फिल्म अभिनेत्री श्रावंती चटर्जी को टक्कर दे रहे हैं।
चुनाव आयोग को याद आई कोरोना गाइड लाइंस
चार राज्यों में विधानसभा चुनावों का मतदान पूर्ण होने के बाद चुनाव आयोग को जनसभाओँ में कोरोना गाइड लाइंस की धज्जियां उड़ने की याद आई है। निर्वाचन आयोग ने शुक्रवार को सभी राजनीतिक दलों के अध्यक्षों औऱ महासचिवों को पत्र लिखकर पिछले साल अगस्त में अपनी तरफ से जारी की गई कोरोना गाइड लाइंस की याद दिलाई और इसके निर्देशों की अनदेखी करने पर कार्रवाई करने की चेतावनी दी है।