आगरालीक्स….. अधिक मास में मथुरा के वृंदावन प्रवास करने आई महिला श्रद्धालु के कमरे में देर रात महंत आ गए। उन्होंने कमरे का गेट बंद कर महिला से अश्लील हरकत शुरू कर दी, उसके साथ जोर जबरदस्ती करने लगे। इस पर महिला ने शोर मचा दिया। आश्रम के अन्य लोग आ गए और उन्होंने महिला को महंत के चंगुल से छुडाया। पुलिस ने महंत को हिरासत में ले लिया है। कोतवाली क्षेत्र के ज्ञानगुदड़ी स्थित एक आश्रम के महंत नित्यानंद पर झांसी निवासी महिला श्रद्धालु ने छेड़छाड़ का आरोप लगाते हुए कोतवाली में तहरीर दी है। महिला का आरोप है कि वह दो दिन पहले अपने पति के साथ वृंदावन अधिक मास में एक महीने के प्रवास पर आई थी। आश्रम में कमरा किराए पर लिया। इसके बाद पति लौट गए। आरोप है कि शनिवार देर रात आश्रम के महंत उसके कमरे में घुस आए और छेड़छाड़ शुरू कर दी। महिला के शोर मचाने पर आश्रम में मौजूद अन्य लोग और पड़ोसी एकत्र हो गए। मामला कोतवाली पहुंचा, तो पुलिस ने महंत को हिरासत में लिया। वहीं आरोपी महंत का कहना है कि प्राचीन आश्रम की संपत्ति हड़पने के उद्देश्य से कुछ लोग उन्हें बदनाम कर रहे हैं। कोतवाली प्रभारी संजय जायसवाल का कहना है कि दोनों पक्षों से पूछताछ की जा रही है। अगर महंत दोषी पाया गया, तो कठोर कार्रवाई की जाएगी।
Leave a comment