आगरालीक्स…(31 July 2021 Agra News) आगरा में मां और तीन बच्चों की दर्दनाक हत्या में शामिल तीसरा आरोपी अंशुल भी अरेस्ट. पुलिस ने बताया— इसलिए हुआ था शामिल हत्याकांड में
अंशुल पर था 25 हजार रुपये का इनाम
आगरा में 21 जुलाई को मोहल्ला कूंचा साधुराम में हुई महिला और उनके तीन बच्चों की दर्दनाक हत्या के मामले में पुलिस ने फरार चल रहे एक और आरोपी अंशुल को अरेस्ट कर लिया है. पुलिस ने उस पर 25 हजार रुपये का इनाम रखा हुआ था. बता दें कि पुलिस इस मामले में दो आरोपी संतोष और वीरू को पहले ही अरेस्ट कर इसका खुलासा कर चुकी है. आज पुलिस ने तीसरा आरोपी अंशुल भी अरेस्ट कर लिया. पुलिस ने इसके पास से ज्वेलरी और कुछ पैसे भी बरामद किए हैं.
रुपयों के लिए हुआ हत्याकांड में शामिल
पुलिस ने बताया कि मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने शनिवार को छलेसर गोदाम से पास से अंशुल को अरेस्ट किया है. उसके पास से पुलिस ने दो पायल, एक अंगूठी, एक छत्र, मृतका रेखा और वंश का आधार कार्ड और 700 रुपये बरामद किया है. पुलिस का कहना है कि अंशुल रामबाग के सीतानगर का रहने वाला है. वह रेखा के मुंहबोले भाई और मुख्य हत्यारोपी संतोष के पड़ोस में रहने वाला है. वह रुपयों के लालच में इस हत्याकांड में शामिल हो गया था. ये कई दिनों से फरार था, एसएसपी ने इस पर 25 हजार रुपये का इनाम भी रखा था.
बेरहमी से काटा था सभी का गला
बता दें कि थाना कोतवाली के कूंचा साधुराम में रहने वाली रेखा राठौर और उसे तीन बच्चों की हत्या बड़ी ही बेरहमी से की गई थी. रेखा का मुंह बोला भाई संतोष ने वीरू और अंशुल के साथ मिलकर इस हत्याकांड को अंजाम दिया था. उसने घर में रखी कैंची से पहले रेखा का गला काटा और फिर बाद में इसके बाद एक—एक कर तीनों बच्चों की दर्दनाक हत्या कर दी थी.