स्वतंत्रता के 72 साल बाद भी गरीब थाने जाने से डरता है
आगरालीक्स… आगरा में स्वतंत्रता दिवस पर ध्वजारोहण के बाद एडीज अजय आनंद ने कहा कि स्वतंत्रता के 72 साल बाद भी गरीब थाने जाने से डरता है। गरीब को न्याय नहीं मिल रहा है, सिस्टम में तमाम विसंगतियां हैं। उन्होंने पुलिस कर्मियों से कहा कि आप किसी को न्याय दिलवाते हैं तो यह पुण्य से कम नहीं है।
बुधवार को आगरा के पुलिस लाइन में ध्वजारोहण के बाद एडीजी जोन आगरा अजय आनंद ने कहा कि स्वतंत्रता की यह ज्योति जलाए रखना हमारा परम कर्तव्य है। वे पुलिस कर्मियों को संबोधित करते हुए भावुक हो गए और कहा कि जनता में पुलिस की छवि अच्छी नहीं है। थाने में 50 काम आते हैं और उन 50 कामों में से केवल 10 का काम कर दीजिए तो आपको और आपके परिवार को कोई समस्या नहीं आएगी और अगर समस्या आएगी तो वह दूर हो जाएगी। ऐसी न्याय उचित कार्यवाही से आप समझिए कि धरती पर सबसे बड़ा पुण्य आपने किया है।
पुलिस कर्मियों की भी अपनी समस्याएं
एडीजी अजय आनंद ने कहा कि छुट्टी ना मिल पाने के कारण हम झुंझलाते हैं। पुलिस कर्मियों की अपनी भी समस्या है लेकिन उससे भी बडी जिम्मेदारी है। हमें हर व्यक्ति को न्याय दिलवाना है। उन्होंने हिंदी, अंग्रेजी और संस्कृत में श्लोक से अपनी बात रखी।