आगरालीक्स…आगरा में युवक ने प्रेम में नाकाम होने पर इंस्टाग्राम पर वीडियो डाल कर दी जान देने की कोशिश..पुलिस के पास पहुंचा अलर्ट
आगरा में प्रेम में नाकाम एक युवक ने इंस्टाग्राम पर वीडियो डालकर सुसाइड करने की कोशिश का वीडियो डाला. सोमवार देर रात थाना एत्माद्दौला क्षेत्र के अब्बास नगर में एक युवक द्वारा सोशल मीडिया पर डाले गए आत्महत्या संबंधी वीडियो ने हड़कंप मचा दिया. साहिल नाम के युवक ने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो पोस्ट किया, जिसमें वह आत्महत्या की बात करते हुए एक साथ कई टैबलेट खाते नजर आ रहा था. वीडियो पर नजर पड़ते ही मेटा का अलर्ट पुलिस के मीडिया सेल में पहुंचा जिसे तत्काल गंभीरता से लिया. मीडिया सेल की सूचना पर थाना पुलिस सक्रिय हुई. प्रभारी निरीक्षक देवेंद्र दुबे के निर्देश पर डिवीजन चौकी प्रभारी अरुण बिल्गैया अपनी टीम के साथ तुरंत साहिल के घर पहुंचे. पुलिस ने समय रहते कमरे का दरवाजा खुलवाकर युवक को बाहर निकाला और उसकी जान बचा ली. प्राथमिक देखभाल के बाद युवक की हालत सामान्य बताई जा रही है. घटना के बाद परिवार के लोगों ने पुलिस टीम का आभार जताया. वहीं साहिल ने भी भविष्य में ऐसा कदम दोबारा न उठाने का आश्वासन दिया. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सोशल मीडिया पर ऐसे संवेदनशील मामलों को गंभीरता से मॉनिटर किया जाता है, ताकि समय रहते किसी भी अनहोनी को रोका जा सके. पुलिस की इस मानवीय पहल की क्षेत्र में सराहना हो रही है.