जी फोर सिक्योरिटी सर्विस में सुपरवाइजर पद पर तैनात राम उदय शर्मा तीन अप्रैल को ड्यूटी के दौरान गिर गए थे। इसके बाद उनका दायां कूल्हा टूट गया। उन्हें तत्काल नई दिल्ली बसई दारापुर स्थित ईएसआइ अस्पताल में भर्ती कराया गया। डॉक्टरों ने बताया कि उनका ऑपरेशन किया जाएगा। छह दिन तक इलाज करने के बाद नौ अप्रैल को उनका ऑपरेशन किया गया। इसके बाद निरीक्षण कक्ष में उन्हें तीन घंटे रखा गया। जब होश आया तो उन्हें बाएं कूल्हे में दर्द महसूस हुआ। उन्होंने हाथ लगाकर देखा तो पता चला कि उनके बाएं कूल्हे का ऑपरेशन कर दिया गया। इसकी जानकारी उन्होंने डॉक्टरों को दी। गलती का पता चलने पर उनके दूसरे कूल्हे का भी आपरेशन किया गया। अब उनका दोनों कूल्हों का ऑपरेशन हो चुका है।
चिकित्सकों की लापरवाही से व्यथित मरीज के भाई सीबी शर्मा ने बताया कि इतने बड़े अस्पताल में लोग जल्द ठीक होने की कामना से आते हैं, लेकिन डॉक्टरों की लापरवाही से जान भी जा सकती है। ऐसे में चिकित्सक पर से लोगों का विश्वास ही उठ जाएगा।
ईएसआइ अस्पताल के अस्थि रोग विभागाध्यक्ष डॉ. सुधीर के कपूर ने चिकित्सकों की गलती स्वीकार की। उन्होंने इस मामले में कार्रवाई करने की बात कही। अस्पताल में ऐसी गलती दोबारा न हो, इस पर ध्यान दिया जाएगा।
Leave a comment