आगरालीक्स…आगरा के श्रीमथुराधीश महाराज महाराज मंदिर में ठाकुर जी ने दिए नरसिंह अवतार में दर्शन. जयकारों से गूंज उठा मंदिर
यमुना किनारा स्थित प्राचीन पुष्टिमार्गीय श्रीठाकुर मथुराधीश जी महाराज के मंदिर में पावन पुरुषोत्तम मास के अवसर पर श्रद्धालुओं द्वारा भगवान श्रीहरि की विशेष आराधना की जा रही है। इसी क्रम में भगवान आज श्री नरसिंह भगवान के दिव्य स्वरूप को समर्पित नरसिंह मनोरथ का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लेकर धर्म लाभ प्राप्त किया और भगवान के जयकारों से वातावरण भक्तिमय हो उठा।नरसिंह मनोरथ के दौरान मंदिर परिसर को आकर्षक फूलों और रंग-बिरंगी सजावट से सजाया गया। भगवान नरसिंह का विशेष श्रृंगार कर भव्य झांकी प्रस्तुत की गई। जिसने उपस्थित भक्तों का मन मोह लिया। वैदिक मंत्रोच्चार एवं भजन-कीर्तन के बीच भगवान की महाआरती संपन्न हुई। श्रद्धालुओं ने भगवान नरसिंह से परिवार, समाज एवं राष्ट्र की सुख-समृद्धि की कामना की। नरसिंह अवतार की महिमा का वर्णन करते हुए भक्तों ने बताया कि भगवान ने भक्त प्रह्लाद की रक्षा के लिए नरसिंह रूप धारण कर अधर्म का नाश किया था।
उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में भी भगवान की भक्ति मनुष्य को भय, संकट और नकारात्मकता से मुक्त करने का मार्ग दिखाती है। आयोजकों ने बताया कि पुरुषोत्तम मास के दौरान विभिन्न धार्मिक मनोरथ, कथा, सत्संग एवं सेवा कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं, जिनमें श्रद्धालु बढ़-चढ़कर भाग ले रहे हैं। कार्यक्रम के अंत में प्रसाद वितरण किया गया। इस अवसर पर मुख्य रूप से मंदिर के महन्त नन्दन श्रोत्रिय, विधायक पुरुषोत्तम खंडेलवाल, जगदीश प्रसाद भगत, शिव नारायण खंडेलवाल, राहुल, रितेश, जुगल श्रोत्रिय, बृज खंडेलवाल, सतीश शाह, बेनी कुशवाह, आव्या श्रोत्रिय, सूर्या, अनन्या, वंश आदि उपस्थित थे।