मथुरालीक्स…दुखद, होनी वाली दुल्हन की मौत. आंधी में दीवार गिरने से 18 साल की गुंजन की मौत. 28 जून को थी शादी…
आगरा मंडल के मथुरा जिले से दुखद खबर आई है. बछगांव में तेज आंधी और बारिश के दौरान दीवार गिरने से 18 साल की गुंजन की मौत हो गई. 28 जून को उसकी शादी होनी थी और घर में तैयारियां चल रही थीं लेकिन हादसे के बाद से परिवार में खुशियों को मातम में बदल दिया है. परिवार में कोहराम मच गया है. पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया.मथुरा के थाना मगोर्रा में गांव बछगांव है. यहां अमर सिंह रहते हैं. इनकी 18 साल की बेटी गुंजन की 28 जून को शादी थी. घर में शादी की तैयारियां चल रही थीं, लेकिन शुक्रवार को आई आंधी तूफान ने परिवार की खुशियों पर ग्रहण लगा दिया. शुक्रवार को रात करीब नौ बजे गुंजन नोहरे में पशुओं को दलिया खिलाकर अपने घर लौट रही थी. तभी आंधी के साथ हुई तूफानी बारिश से दीवार गिर गई और दीवार के मलबे में गुंजन दब गई. सूचना पर ग्रामीण पहुंच गए और मलबा हटाकर गुंजन को निकाला लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी. युवती की मौत से परिवार में कोहराम मच गया.
सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. शनिवार को उसका अंतिम संस्कार किया गया. परिजनों ने बताा कि गुंजन की शादी किरावली के गांव मलिकपुर में रहने वाले लवकुश से तय हुई थी और 28 जून को बारात आनी थी.