आगरालीक्स(सोनू)…आगरा में सांड के हमले में 10 साल के बच्चे की मौत, बच्चे की मौत के बाद आक्रोशित परिजनों ने जाम लगा दिया। हादसे में बच्चे की मौत से परिजनों का रो रोकर बुरा हाल है।
आगरा के आंवलखेडा क्षेत्र के गांव गढ़ी रामबख्श निवासी कमल सिंह का 10 साल का बेटा शशि कुमार रविवार सुबह बिस्किट लेने के लिए घर से दुकान जा रहा था। रास्ते में सांड़ ने पहले उसे उठाकर पटका और फिर उसके पेट में सींग घुसा दिया। स्थानीय लोग उसे बचाने के लिए चिल्लाते रहे, लेकिन सांड़ रुका नहीं। सांड़ के भागने के बाद घायल बच्चे को अस्पताल ले जाया गया, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। बच्चे की मौत से भड़के लोगों ने आगरा-जलेसर मार्ग जाम लगा दिया। पुलिस फोर्स के साथ नायब तहसीलदार पहुंचे। उन्होंने सांड़ को पकड़ने के लिए टीम गठित करने और मृत बच्चे के परिवार की आर्थिक मदद का आश्वासन दिया, इसके बाद स्थानीय लोग शांत हुए।