आगरालीक्स… आगरा में लगातार तीसरे दिन मिले रिकॉर्ड कोरोना के केस, 23 केस मिलने से एक्टिव केस हुए 113, शाम तक लग सकती हैं कई पाबंदी।
आगरा में कोरोना के केस तेजी से बढ़ रहे हैं, आगरा में 24 घंटे में कोरोना के 23 केस और मिल गए हैं। इससे आगरा में कोरोना के एक्टिव केस 113 हो गए हैं। इन 113 एक्टिव केस में से एक मरीज एसएन में भर्ती है जबकि 112 कोरोना के मरीज अपने घर पर रहकर इलाज करा रहे हैं।
तीन दिन में आगरा में रिकॉर्ड 84 केस
आगरा में नए साल पर कोरोना का कहर बरपने लगा है। दो से चार जनवरी के बीच तीन दिन में कोरोना के 84 केस मिल चुके हैं। दो जनवरी को कोरोना के 28, तीन जनवरी को 33 और आज चार जनवरी को कोरोना के 23 केस मिले हैं। कोरोना के केस लगातार बढ़ रहे हैं।

राहत एक ही मरीज भर्ती
कोरोना के केस बढ़ रहे हैं लेकिन राहत है कि कोरोना पॉजिटिव एक ही मरीज एसएन के कोविड हॉस्पिटल में भर्ती है। कोरोना के 112 मरीजों में मामूली लक्षण हैं और उन्हें घर पर होम आइसोलेट किया गया है।
अभी केवल नाइट कर्फ्यू, लग सकती हैं कई पाबंदी
आगरा में अभी रात 11 से सुबह पांच बजे तक नाइट कर्फ्यू लगा हुआ है। इसके अलावा कोई पाबंदी नहीं है। जिस तरह से कोरोना के केस बढ़ रहे हैं, शाम तक आगरा के साथ ही प्रदेश भर में तमाम तरह की पाबंदी लगाई जा सकती हैं। आगरा में मास्क न पहनने पर दुकानें 24 से 48 घंटे तक बंद करने के आदेश डीएम प्रभु एन सिंह द्वारा जारी कर दिए गए हैं।
कोरोना के केस बढ़ने से अभिभावक परेशान, बच्चों को कैसे भेजे स्कूल
कोरोना के केस बढ़ने से सबसे ज्यादा परेशान अभिभावक हैं, कोरोना की संक्रामता अधिक है। ऐसे में मिशनरी और कान्वेंट स्कूल में बच्चे पढ़ने जा रहे हैं। अधिकांश स्कूलों में आनलाइन क्लासेज बंद कर दी गई हैं। अभिभावक आनलाइन क्लासेज शुरू करने की मांग कर रहे हैं जिससे बच्चों को कोरोना के संक्रमण से बचाया जा सके।