आगरालीक्स… आगरा कैंट स्टेशन से केरला एक्सप्रेस में बैठे तीन यात्रियों की मौत हो गई, गर्मी के कारण हीट स्ट्रोक से मौत की आशंका पर पोस्टमार्टम कराया है। रेलवे ने टोल फ्री नंबर 138 जारी किया है। साथ ही आगरा सहित उत्तर भारत में पड रही गर्मी को देखते हुए यात्रा के दौरान पानी खूब पीने और पानी का सेवन करने के लिए कहा है।
सोमवार को केरला एक्सप्रेस गाड़ी सं. 12626 चार बजे अगरा कैंट स्टेशन पर पहुंची। आगरा कैंट से कोयम्बटूर जाने के लिए पाच्या, बालकृष्ण और धनलक्ष्मी कोच संख्या एस 8 और एस 9 में सवार हुए। रास्ते में तबीयत बिगड गई, उल्टी होने लगी, इसकी सूचना रेलवे को दी गई। रेलवे द्वारा जारी विज्ञप्ति में कहा गया है कि केरला एक्सप्रेस के झांसी पहुँचने से पहले एस-8 एवं एस-9 डिब्बों में कुछ वयोवृद्ध यात्रियों के अचेत होने की सूचना प्राप्त हुई। इस सूचना पर तत्काल कार्यवाही करते हुए रेलवे चिकित्सक एवं चिकित्सा कर्मियों का दल झांसी स्टेशन पर यात्रियों को अटेण्ड करने हेतु पहले से ही उपस्थित था।
32 मिनट पहले पहुंच गई ट्रेन, बर्थ पर तीन यात्री मिले म्रत
गाड़ी सं. 12626 केरला एक्सप्रेस आगरा कैण्ट स्टेशन से 16.02 बजे चलकर 19.00 बजे झांसी पहुंचती है, आगरा से झांसी का नियमित रनिंग टाइम 210 मिनट है जबकि सोमवार को केरला एक्प्रेस रनिंग टाइम से कम समय में मात्र 178 मिनट में ही झांसी पहुँच गई थी। ट्रेन पर पहुँचने पर चिकित्सकों द्वारा तत्काल यात्रियों की जॉंच की जिसमें एस-8 कोच की बर्थ सं. 59 पर यात्रा कर रहे एक 80 वर्षीय पुरुष श्री पाच्या एवं एस-8 में ही श्री बालकृष्ण आयु 67 वर्ष मृत अवस्था में मिले। इसके अतिरिक्त एस-9 कोच में सुश्री धनलक्ष्मी आयु 74 वर्ष की भी मृत्यु हो चुकी थी। इसी क्रम में एक यात्री को गम्भीर स्थिति में सिविल अस्पताल भेजा गया। मृत्यु के कारणों की जॉंच के लिए पोस्टमार्टम रिपोर्ट प्रतीक्षित है। मंगलवार को तीनों शवों को उचित व्यव्स्था के साथ केरला एक्स. द्वारा उनके गृहनगर भेजा जा रहा है।

रेलवे अधिकारियों की अपील
रेल प्रशासन अपने सभी सम्मानित यात्रियों से अनुरोध करता है कि रेल यात्रा के दौरान उत्तर भारत में पड़ रही भीषण गर्मी के दृष्टिगत समुचित मात्रा में पानी अवश्य पियें तथा यात्रा के दौरान किसीभी असुविधा हेतु अधिकृत रेलवे कर्मचारी से संपर्क करें अथवा अखिल भारतीय टोल फ्री नंबर 138 का प्रयोग करें ।