अलीगढ़लीक्स…शहर के तालसपुर खुर्द में आज एक मीट फैक्ट्री में अमोनिया गैस का रिसाव। 59 लोग बीमार, जिसमें 43 महिलाएं शामिल। मेडिकल कॉलेज में भर्ती।
फैक्ट्री में कार्य करते समय अचानक हादसा

मीट फैक्ट्री में अमोनिया गैस रिसाव के बाद मौके पर मौजूद पुलिस
शहर के रोरावर थाने के तालाशपुर खुर्द में स्थित एक मीट फैक्ट्री में गुरुवार सुबह काम चल रहा था कि करीब साढ़े नौ बजे अचानक फैक्ट्री में गैस का रिसाव हो गया, जिससे फैक्ट्री और आसपास के क्षेत्र में भगदड़ मच गई।
फैक्ट्री में काम कर रहे थे मजदूर
अमोनिया गैस का रिसाव होने से फैक्ट्री में काम कर रहे लोग बुरी तरह से प्रभावित हो गए। बीमार लोगों को आनन-फानन जेएन मेडिकल कालेज और दीन दयाल अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
आंखों में जलन, सांस लेने में हुई परेशानी
पुलिस के मुताबिक अमोनिया गैस के रिसाव से 59 लोग प्रभावित हुए हैं, जिसमें 43 महिलाएं शामिल हैं। पीड़ित लोगों की आंखों में जलन, सांस लेने में परेशानी और उल्टी की शिकायत हुई है।
पैकिंग के कार्य में लगी हुई थीं महिलाएं
पुलिस के मुताबिक यह महिलाएं फैक्ट्री में पैकिंग के कार्य में लगी हुई थीं। सभी को मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है।
अमोनिया की ज्यादा मात्रा होती है घातक
एसएन मेडिकल कालेज के फोरेंसिक विभाग के अध्यक्ष डॉ. अजय अग्रवाल ने बताया कि अमोनिया गैस के संपर्क में आने से आंखों में जलन और सांस लेने में परेशानी होने लगती है। ज्यादा देर तक और ज्यादा मात्रा में अमोनिया से जान तक जा सकती है।