
स्मार्ट सिटी योजना के तहत प्रथम चरण के लिए 20 शहरों को स्मार्ट शहर बनाने की घोषणा कर दी है। इस सूची में यूपी का एक भी शहर जगह नहीं बना पाया था। शुक्रवार को स्मार्ट सिटी के लिए देशभर से चुने गए 97 शहरों के प्रतिनिधियों की शहरी विकास मंत्रालय के अधिकारियों के साथ वीडियो काफ्रेंसिंग हुई। काफ्रेंसिंग बाद नगर आयुक्त इंद्रविक्रम सिंह ने बताया कि मंत्रालय के अधिकारियों ने तय किया है कि फास्ट ट्रैक के तहत इसी अप्रैल में स्मार्ट सिटी के लिए 23 और शहरों को चुना जाएगा। इनमें पहले उन प्रदेशों के शहरों को मौका दिया जाएगा, जिनका एक भी शहर पहली सूची में शामिल नहीं हो सका है। इसमें भी प्रदेश के वह शहर पहले शामिल किए जाएंगे, जिनकी रैकिंग सबसे ज्यादा होगी। ऐसे में आगरा ये मौका भी गवां देगा। क्योंकि 53.24 नंबरों के साथ लखनऊ ऑल इंडिया रैकिंग में 29वें और प्रदेश में पहले नंबर पर है। वहीं, आगरा 52.69 नंबरों के साथ ऑल इंडिया रैकिंग में 35वें और प्रदेश में दूसरे नंबर पर है। बता दें कि योजना के प्रथम चरण की प्रतियोगिता में उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, हरियाणा, बिहार और पश्चिम बंगाल का एक भी शहर शामिल नहीं है।
चयन का आधार
शहरी विकास मंत्रालय के अनुसार, उच्च स्तरीय कमेटी ने राज्यों से आए सुझावों को क्रियान्वयन ढांचा, परिणाम, नागरिक भागीदारी, रणनीतिक योजना, दृष्टि-लक्ष्य, सिटी प्रोफाइल के आधार पर चयनित किया है।
जताई आपत्ति
वीडियो कॉफ्रेंसिंग के दौरान नगर आयुक्त इंद्रविक्रम सिंह ने फास्ट ट्रैक के तहत शहरों के चुनाव प्रक्रिया पर आपत्ति दर्ज कराई। उनका कहना था कि ऑल इंडिया रैकिंग में कई प्रदेशों के शहर आगरा से पीछे हैं। मगर, इस नये बदलाव की वजह से वे आगे निकल जाएंगे। नगर आयुक्त इस आपत्ति का पंजाब के प्रमुख सचिव ने भी समर्थन किया।
ऑल इंडिया रैकिंग
शहर रैंकिंग
लखनऊ – 29
आगरा – 35
कानपुर – 41
अलीगढ़ – 52
इलाहाबाद – 79
झांसी – 82
मुरादाबाद – 86
गाजियाबाद – 87
बरेली – 88
रामपुर – 89
सहारनपुर – 92
वाराणसी – 96
—————–
आठ शहरों के नंबर
लखनऊ – 53.24
आगरा – 52.69
इलाहाबाद – 45.5
गाजियाबाद – 43.01
बरेली – 42.68
रामपुर – 42.67
सहारनपुर – 42.09
वाराणसी – 40.21
Leave a comment