आगरालीक्स…(1 December 2021 Agra News) आगरा में बुधवार को दिन में भी लगी सर्दी. तेजी से गिरा तापमान. आज रात को और कल बारिश. इस दिन से पड़ेगा कोहरा…
बादलों का लगा रहा डेरा
आगरा में मौसम तेजी से बदल रहा है. बादलों का डेरा लगा हुआ है जिसके कारण सर्दी बढ़ गई हैं. बुधवार दोपहर को भी मौसम में काफी ठंडापन रहा. दिन के समय में भी लोगों को अच्छी खासी सर्दी का अहसास हुआ. इसका असर तापमान पर भी पड़ा है. अधिकतम तापमान में गिरावट दर्ज की गई है. बुधवार को आगरा का अधिकतम तापमान 21.2 डिग्री दर्ज किया गया जो कि सामान्य से 5 डिग्री तक कम रहा तो वहीं न्यूनतम तामपान सामान्य से तीन डिग्री अधिक 13.8 डिग्री दर्ज किया गया.
आज रात से बारिश
इधर मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि आज रात से शहर में बारिश हो सकती है. कल भी बारिश की संभावना जताई गई है. मौसम विभाग का कहना है कि गुरुवार को कई स्पैल में बारिश हो सकती है. इसके कारण सर्दी में बढ़ोतरी होगी. शुक्रवार से कोहरे की भी संभावना जताई गई है.