आगरालीक्स…(15 December 2021 Agra News) आगरा में प्रधानमंत्री और कंगना रानौत के खिलाफ राष्ट्रद्रोह में मुकदमा दर्ज करने के मामले में कोर्ट ने दर्ज किए वादी के बयान…जानिए क्या है पूरा मामला
23 नवंबर को दिया था कोर्ट में प्रार्थना पत्र
आगरा में राजीव गांधी बार एसोसिएशन के अध्यक्ष अधिवक्ता रमाशंकर शर्मा ने बीते 23 नवंबर को सीजेएम कोर्ट में एक प्रार्थना पत्र दिया था जिसमें उन्होंने पीएम मोदी और अभिनेत्री कंगना रानौत के खिलाफ राष्ट्र द्रोह का मुकदमा दर्ज करने के लिए कहा गया है. मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट की अदालत में पेश किए गए इस प्रार्थना पत्र पर बुधवार को वादी ने अपने बयान दर्ज कराए. इस पर कोर्ट ने अन्य गवाहों के बयान दर्ज करने के लिए 16 जनवरी 2022 की तारीख नियत की है.

जानिए क्या है मामला
अधिवकता रमाशंकर शर्मा की ओर से अदालत में दिए गए प्रार्थना पत्र में कहा गया है कि 17 नवंबर को उन्होंने विभिन्न समाचार पत्रों में अभिनेत्री कंगना रानौत द्वारा महात्मा गांधी के खिलाफ अमर्यादित टिप्पणी व पोस्ट को पढ़ा था जिसमें अभिनेत्री ने आजादी भीख में मिली एवं महात्मा गांधी के अहिंसात्मक सिद्धांत का उपहास उड़ाया था. प्रार्थना पत्र में कहा गया है कि अभिनेत्री द्वारा आजादी में शामिल महात्मा गांधी, देशभक्त बलिदानियों व स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों समेत पूरे राष्ट्र का अपमान किया गया. प्रधानमंत्री मोदी को ऐसे लोगों के खिलाफ कार्रवाई करनी चाहिए थी लेकिन उन्होंने ऐसा न कर अपने कर्तव्य एवं उत्तरदायित्व का पालन नहीं किया. उन्होंने कहा कि इससे पहले प्रज्ञा ठाकुर द्वारा भी गांधी जी के खिलाफ की गई टिप्पणी पर प्रधानमंत्री खामोश रहे. इससे देशवासियों की भावना को ठेस पहुंची है.