आगरालीक्स …आगरा में अब सर्दी जुकाम, खांसी और ठंड लगकर बुखार आने वाला मरीज कोरोना की जांच करा रहा है, उसकी रिपोर्ट पॉजिटिव आ रही है। सतर्क रहें, मास्क पहनें और परिवार को कोरोना से बचाएं।
आगरा में कोरोना के केस बहुत तेजी से बढ़ रहे हैं। कोरोना सैंपल पाजिटिविटी रेट भी लगातार बढ़ रहा है। 24 घंटे में गुरुवार को 5090 लोगों ने कोरोना की जांच कराई, इसमें से 645 में कोरोना की पुष्टि हुई है, कोरोना के आठ सैंपल की जांच में एक की रिपोर्ट पॉजिटिव मिली है। इस तरह आगरा में कोरोना के नए केस और एक्टिव केस तेजी से बढ़ रहे हैं।

पूरा परिवार हो रहा संक्रमित
कोरोना की तीसरी लहर में परिवार में एक व्यक्ति के संक्रमित होने पर पूरा परिवार संक्रमित हो रहा है। जबकि अधिकांश कोरोना संक्रमितों को मामूली लक्षण आ रहे हैं। इसके चलते कोरोना का संक्रमण तेजी से फैलने लगा है। मामूली लक्षण आने पर लोग मास्क नहीं पहन रहे हैं, शारीरिक दूरी का भी पालन नहीं कर रहे हैं।
2699 एक्टिव केस, 11 मरीज भर्ती
कोरोना के 645 नए केस मिले हैं। जनवरी में कोरोना के केस तेजी से बढ़े हैं। इससे आगरा में कोरोना के एक्टिव केस 2699 हो गए हैं। इन 2699 में से 11 मरीज एसएन मेडिकल कॉलेज के कोविड वार्ड में भर्ती हैं और एक साल का बच्चा भी कोविड हॉस्पिटल में भर्ती करना पड़ा है।